Regional

मजदूरों को अधिकारों की जानकारी देना जरूरी: एनसीपी का आजादनगर में श्रमिक सम्मान समारोह

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर। मानगो आजादनगर में गुरुवार को एनसीपी पार्टी कार्यालय में मजदूर दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत मजदूरों को सम्मानित किया गया और उन्हें उनके संवैधानिक अधिकारों की जानकारी दी गई।
गुरुवार को मानगो आजादनगर स्थित एनसीपी पार्टी कार्यालय में मजदूर दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में एनसीपी युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता डॉ. पवन पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर हुसैन और मोहम्मद रिजवान मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि 1 मई को पूरे देश में एनसीपी पार्टी मजदूर अधिकार दिवस के रूप में मना रही है। पार्टी का उद्देश्य है कि संगठन के माध्यम से देशभर के मजदूरों को उनके अधिकारों की जानकारी दी जाए। उन्होंने कहा कि कई कंपनियां मजदूरों को सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम मजदूरी नहीं देतीं और पीएफ-ईएसआई जैसी आवश्यक सुविधाओं से भी वंचित रखा जाता है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि जानकारी के अभाव में प्रशिक्षित मजदूरों को भी अप्रशिक्षित श्रमिकों की तरह ही मजदूरी दी जाती है। कुछ जगहों पर मजदूरों से 12 घंटे तक काम कराया जाता है, लेकिन उन्हें ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता। कंपनियां घाटा दिखाकर उनकी वार्षिक वेतन वृद्धि भी रोक देती हैं और स्थायी मजदूरों की संख्या घटाकर अस्थायी मजदूरों से काम लेने की प्रवृत्ति बढ़ रही है।

उन्होंने जोर देकर कहा कि जब तक मजदूर अपने अधिकारों को नहीं जानेंगे, तब तक उनका शोषण होता रहेगा। इसलिए जमशेदपुर जैसे औद्योगिक शहर में इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम जरूरी हैं ताकि मजदूर सशक्त बन सकें और अपने अधिकारों की रक्षा कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान दुकानों में सामान ढोने वाले और बहुमंजिली इमारतों में दैनिक मजदूरी करने वाले श्रमिकों को सम्मानित किया गया। साथ ही पार्टी की ओर से भविष्य में चलाए जाने वाले मजदूर जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की गई।

इस अवसर पर अनवर हुसैन, तेजपाल सिंह, जितेन्द्र मिश्रा, शैलेन्द्र झा, मोहम्मद रिजवान, फिरोज अहमद, अकबर खान, इक़बाल खान, अब्दुल जब्बार, शौकत अंसारी, शेख़ अहमद, मोहम्मद शब्बीर सहित अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

Related Posts