जातिगत जनगणना पर केंद्र सरकार के फैसले का भाजपा जमशेदपुर महानगर ओबीसी मोर्चा ने किया स्वागत

जमशेदपुर। केंद्र सरकार द्वारा आगामी जनगणना में जातिगत जानकारी शामिल करने के निर्णय का भाजपा जमशेदपुर महानगर ओबीसी मोर्चा ने स्वागत किया है। मोर्चा के अध्यक्ष सागर राय ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में युगांतकारी कदम बताते हुए कहा कि यह निर्णय दशकों से उठ रही देशव्यापी मांग का उचित सम्मान है। सागर राय ने कहा कि भारत में आखिरी बार जाति आधारित जनगणना 1931 में हुई थी। इसके बाद 2011 में सामाजिक, आर्थिक और जातीय जनगणना (SECC) कराई गई थी, लेकिन उसके जातिगत आंकड़े आज तक सार्वजनिक नहीं किए गए। उन्होंने कहा कि वर्षों से ओबीसी समाज, सामाजिक संगठन और प्रबुद्ध वर्ग लगातार यह मांग करते आ रहे हैं कि जब तक जातीय आँकड़े सार्वजनिक नहीं होंगे, तब तक हक और हकीकत के बीच की दूरी नहीं मिटेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार प्रकट करते हुए कहा कि माननीय प्रधानमंत्री ने यह सिद्ध किया है कि वे केवल एक कुशल प्रशासक नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय के संवेदनशील सेनानी भी हैं। उनका यह निर्णय ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को सच्चे अर्थों में साकार करता है।
सागर राय ने कहा कि यह निर्णय देश की सामाजिक संरचना को समझने और नीति निर्माण को सटीक बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम साबित होगा। जिससे ओबीसी समाज को पहली बार उनकी वास्तविक जनसंख्या के अनुसार योजनाओं, आरक्षण और प्रतिनिधित्व की व्यवस्था का लाभ मिल सकेगा। उन्होंने इसे भारत को एक समतामूलक, न्यायपूर्ण और समावेशी राष्ट्र बनाने की दिशा में मजबूत कदम बताया।