रांची में संविधान बचाओ रैली की गूंज के लिए तैयार प. सिंहभूम, हजारों कांग्रेसी करेंगे कूच* *06 मई को राजधानी रांची में होगी राज्य स्तरीय रैली, मल्लिकार्जुन खड़गे और केसी वेणुगोपाल रहेंगे शामिल*

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: झारखंड प्रदेश कांग्रेस द्वारा 6 मई 2025 को रांची के पुराना विधानसभा मैदान, धुर्वा में आयोजित “जय बापू, जय भीम, जय संविधान” संविधान बचाओ रैली को लेकर पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास की अध्यक्षता में एक अहम रणनीतिक बैठक आयोजित हुई, जिसमें रैली को सफल बनाने की अंतिम रूपरेखा तय की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा, “यह सिर्फ एक रैली नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक निर्णायक जनआंदोलन है। भाजपा शासन में जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है, उस पर रोक लगाने और आम जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए यह रैली एक मील का पत्थर साबित होगी।”
उन्होंने बताया कि पश्चिमी सिंहभूम जिला से हजारों की संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता रांची पहुंचेंगे। सभी प्रतिभागी सुबह 7 बजे चाईबासा कांग्रेस भवन में एकत्रित होंगे, जहां से बसों और चार पहिया वाहनों के माध्यम से राजधानी के लिए कूच किया जाएगा।
विशेष रूप से जगन्नाथपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु के नेतृत्व में लगभग 200 छोटे चार पहिया वाहन और बसों के माध्यम से कार्यकर्ता रैली में शामिल होने के लिए रवाना होंगे।
*रैली में शामिल होंगे कई बड़े नेता*
इस रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव केसी वेणुगोपाल सहित झारखंड प्रदेश कांग्रेस के तमाम शीर्ष नेता भाग लेंगे। यह आयोजन राज्यभर के कार्यकर्ताओं को जोड़ते हुए पार्टी की संविधान एवं लोकतंत्र की मूल भावना के प्रति प्रतिबद्धता को और मजबूत करेगा।
*रैली संविधान की आत्मा को बचाने का संकल्प : त्रिशानु राय*
जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि यह रैली संविधान की आत्मा, सामाजिक न्याय और जन अधिकारों की रक्षा के लिए एक जनसंकल्प है। उन्होंने इसे राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक चेतना का जन-प्रदर्शन बताया।
*मंत्रणा बैठक में मौजूद रहे कई वरिष्ठ कांग्रेसी*
रणनीतिक बैठक में प्रवक्ता त्रिशानु राय, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, साकरी दोंगो, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडरी, वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां, ओबीसी प्रकोष्ठ अध्यक्ष हरिचरण कुम्हार, सक्रिय सदस्य भगवान देवगम, परशुराम पान, संजय सुंडी, रोशन जामुदा, मनोज बानरा, सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।