खरसावां में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के तहत बकरी-बकरा वितरण कार्यक्रम संपन्न

न्यूज़ लहर संवाददाता
खरसावां। सरायकेला खरसावां जिला स्थित खरसावां प्रखंड परिसर में मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना के अंतर्गत वैष्णवी इंटरप्राइजेज, रांची की ओर से 11 लाभुकों को मुख्यमंत्री अनुदानित मूल्य पर बकरी और बकरा वितरित किया गया। इस अवसर पर खरसावां बीडीओ प्रधान माझी, प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सामड़ ने प्रत्येक लाभुक को चार बकरियां और एक बकरा प्रदान किया।
प्रखंड प्रमुख मनेंद्र जामुदा ने इस दौरान कहा कि मुख्यमंत्री पशु पालन योजना सरकार की एक महत्वाकांक्षी योजना है, जिसका उद्देश्य लोगों को जागरूक कर पशुपालन के क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्रदान करना है। उन्होंने सभी से अपील की कि वे इस योजना का लाभ उठाएं और अपने जीवन को स्वावलंबी बनाएं।
बीडीओ प्रधान माझी ने कहा कि वर्तमान समय में बकरी पालन रोजगार का एक बेहतर विकल्प बन सकता है। उन्होंने बताया कि किसान पशु पालन के माध्यम से अपनी आजीविका और आय में वृद्धि कर सकते हैं। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि वे कृषि के साथ-साथ पशुपालन को भी अपनाएं और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ जरूर उठाएं।
इस अवसर पर प्रखंड कल्याण पदाधिकारी घनश्याम बोदरा, प्रखंड पशु चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. शंकर सिंह, बीस सूत्री अध्यक्ष अजय सामड़, मुखिया बिशुलाल माझी, पूर्व मुखिया मांगीलाल पुरती और शुभम साहु भी उपस्थित थे।