कानूनी जागरूकता से सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार: चाईबासा में शिविर का आयोजन

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चाईबासा के तुईबीर पंचायत भवन में आज एक विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया, जिसका उद्देश्य ग्रामीणों को उनके मौलिक कानूनी अधिकारों और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध सजग बनाना था। यह शिविर झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार, चाईबासा के तत्वावधान में पीएलवी हेमराज निषाद एवं रत्ना चक्रवर्ती द्वारा आयोजित किया गया।
शिविर में विशेष रूप से बाल विवाह और डायन प्रथा जैसे गंभीर सामाजिक अपराधों पर जानकारी दी गई। वक्ताओं ने बताया कि बाल विवाह बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और मानसिक विकास में बाधक होता है और यह कानूनन दंडनीय अपराध है। वहीं, डायन प्रथा को अंधविश्वास और महिलाओं के प्रति हिंसा से जोड़ते हुए इसके पीछे की सामाजिक-आर्थिक जड़ताओं को भी उजागर किया गया।
इसके अतिरिक्त शिविर में दहेज प्रथा, बाल श्रम, साइबर क्राइम और श्रमिक निबंधन कार्ड से संबंधित जानकारी दी गई। आगामी 10 मई को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रति भी लोगों को जागरूक किया गया। शिविर में आपातकालीन सेवाओं के हेल्पलाइन नंबर भी साझा किए गए।