Regional

पूर्वी सिंहभूम जिले को मिले 17 एम.पी.सी केंद्र, जनजातीय समुदायों को मिलेगा एकीकृत सेवा मंच

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। भारत सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय ने प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय और मान (PM-JANMAN) योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में 17 मल्टीपर्पज ट्राइबल सर्विस सेंटर (MPC) स्थापित करने की स्वीकृति प्रदान की है। इन बहु-उद्देश्यीय जनजातीय सेवा केंद्रों का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समुदायों को शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका, कौशल विकास, सामाजिक सुरक्षा और शासन से जुड़ी विभिन्न सेवाएं एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराना है।

यह योजना आदिवासी बहुल क्षेत्रों को आत्मनिर्भर बनाने और मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक ठोस प्रयास मानी जा रही है। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका, गुड़ाबांदा, घाटशिला, मुसाबनी और डुमरिया प्रखंडों के कुल 17 क्षेत्रों में इन केंद्रों की स्थापना की जाएगी।

इन केंद्रों में आधुनिक डिजिटल सुविधाएं, चिकित्सा सहायता, प्रशिक्षण केंद्र, ग्राम सभा हॉल और सरकारी योजनाओं की जानकारी व लाभ उपलब्ध कराने हेतु सुविधा काउंटर होंगे। प्रत्येक केंद्र के निर्माण में स्थानीय जनजातीय समुदायों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, जिससे योजना की जमीनी स्तर पर प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।

परियोजना निदेशक आईटीडीए दीपांकर चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि एम.पी.सी केंद्र जनजातीय क्षेत्रों के लिए सामाजिक और आर्थिक बदलाव का सशक्त माध्यम सिद्ध होंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन इसके क्रियान्वयन को शीघ्रता से पूर्ण करेगा। इस पहल से न केवल क्षेत्र का समग्र विकास होगा, बल्कि जनजातीय समाज की जीवनशैली में भी सकारात्मक और गुणात्मक सुधार आएगा।

Related Posts