Crime

गुवा में मजदूरों का फूटा गुस्सा: गंभीर श्रमिक को इलाज न मिलने पर आंदोलन की चेतावनी”

न्यूज़ लहर संवाददाता
गुवा। खदान में कार्यरत सप्लाई और ठेका मजदूरों ने बुधवार को गंभीर रूप से बीमार श्रमिक संजू गोच्छाईत को इलाज के लिए वेल्लौर नहीं भेजे जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के नेतृत्व में आंदोलन ने गुवा अस्पताल प्रबंधन और सेल अधिकारियों के खिलाफ तीखा मोड़ ले लिया है।


झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के बैनर तले सैकड़ों ठेका और सप्लाई मजदूरों ने गुवा अस्पताल परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया। उनका आरोप है कि गंभीर रूप से बीमार संजू गोच्छाईत को वेल्लौर जैसे उच्च स्तरीय अस्पताल में इलाज के लिए रेफर नहीं किया जा रहा है, क्योंकि वह ठेका श्रमिक है। यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडेय ने आरोप लगाया कि सेल प्रबंधन और अस्पताल प्रशासन ठेका मजदूरों के साथ भेदभाव कर रहा है, जबकि इन्हीं मजदूरों के बल पर खदान का उत्पादन संभव होता है।

प्रदर्शन के दौरान सीआईएसएफ और मजदूरों के बीच झड़प की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि बाद में कुछ प्रतिनिधियों को वार्ता के लिए अंदर बुलाया गया। इस दौरान महाप्रबंधक (पीएंडए) प्रवीण सिंह भी मौजूद रहे। प्रबंधन ने संजू को वेल्लौर भेजने पर शाम तक का समय मांगा है। रामा पांडेय ने चेतावनी दी कि यदि शाम तक संजू को रेफर नहीं किया गया, तो तृतीय पाली से पहले खदान बंद कर दी जाएगी। फिलहाल गुवा में माहौल तनावपूर्ण लेकिन शांत है।

Related Posts