चाईबासा में कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ की जोरदार तैयारी, लोकतंत्र रक्षा का उठाया बीड़ा जिलाध्यक्ष बोले – “संविधान नहीं रहा तो हमारे अधिकार भी नहीं रहेंगे”, राहुल गांधी को बताया संविधान का रक्षक

चाईबासा: आगामी शनिवार को चाईबासा में आयोजित होने वाली कांग्रेस की संविधान बचाओ रैली को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। बुधवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें रैली को सफल बनाने के लिए रणनीति बनाई गई।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि यह रैली संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने कहा, “आज जनता के अधिकार खतरे में हैं। भाजपा के कुछ नेता न्यायपालिका तक को निशाने पर ले रहे हैं, जो लोकतंत्र के लिए अत्यंत चिंताजनक है।”
उन्होंने यह भी कहा कि विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज देश में संविधान के सबसे बड़े रक्षक के रूप में सामने आए हैं। “भाजपा ने लोकसभा चुनाव के दौरान 400 सीटें जीतने पर संविधान में बदलाव की बात कही थी, लेकिन राहुल गांधी के प्रयासों से यह मुमकिन नहीं हो सका। कांग्रेस किसी भी हालत में संविधान से छेड़छाड़ नहीं होने देगी।”
बैठक का संचालन जिला महासचिव अशोक बारीक ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रवक्ता सह जिला बीस सूत्री सदस्य त्रिशानु राय ने दिया। बैठक में प्रदेश और जिला स्तरीय कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।