Regional

सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स का प्लेटिनम जुबली समारोह: ओम बिड़ला बोले– भारत बनेगा औद्योगिक महाशक्ति

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित लोयोला स्कूल के फेसी ऑडिटोरियम में रविवार को सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के प्लेटिनम जुबली (75वीं वर्षगांठ) समारोह का भव्य आयोजन हुआ। इस मौके पर देश के विकास, उद्योग जगत की भूमिका और आतंकवाद पर भारत की नीति जैसे अहम विषयों पर चर्चा हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला थे। उनके साथ विशिष्ट अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, और जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो भी उपस्थित रहे। सोनारी एयरपोर्ट पहुंचने पर लोकसभा अध्यक्ष का भव्य स्वागत किया गया और वहां से वे सीधे लोयोला स्कूल सभागार पहुंचे।

कार्यक्रम की शुरुआत चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों के स्वागत और पारंपरिक दीप प्रज्वलन से हुई।

अपने संबोधन में ओम बिड़ला ने कहा, “भारत अब तकनीकी, अनुसंधान और उद्योगों के क्षेत्र में वैश्विक पहचान बना रहा है। हम सहयोगी नहीं, बल्कि नेतृत्वकर्ता की भूमिका में आ रहे हैं।” उन्होंने भारत को ‘अवसरों की धरती’ बताते हुए कहा कि उद्योग-हितैषी नीतियों से देश की अर्थव्यवस्था और तेज़ी से आगे बढ़ेगी।

उन्होंने “ऑपरेशन सिंदूर” का ज़िक्र करते हुए आतंकवाद के खिलाफ भारत के सख्त रुख को दोहराया और कहा कि देश अब किसी भी आतंकी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं करेगा।

पूर्व मंत्री अर्जुन मुंडा और सांसद विद्युत वरण महतो ने भी व्यापारिक संगठनों के योगदान की सराहना की और उन्हें भारत की प्रगति का महत्वपूर्ण भागीदार बताया। समारोह में शहर के कई प्रमुख उद्यमी, व्यापारी, अधिकारी और समाजसेवी शामिल हुए।

यह आयोजन न केवल एक उत्सव था, बल्कि भारत के विकास के संकल्प और उद्योगों की शक्ति का प्रतीक बनकर उभरा।

Related Posts