Regional

उपायुक्त चंदन कुमार ने कार्यभार ग्रहण के पहले दिन किया समाहरणालय परिसर का निरीक्षण, कार्यालय व्यवस्था पर दिया विशेष जोर* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम के नवनियुक्त जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त चंदन कुमार ने पदभार ग्रहण के बाद पहले ही दिन प्रशासनिक सक्रियता का परिचय देते हुए जिला समाहरणालय परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समाहरणालय परिसर स्थित सभी कार्यालयों का क्रमवार अवलोकन कर कार्यप्रणाली और व्यवस्था की जानकारी ली।

 

निरीक्षण के क्रम में श्री कुमार ने विभिन्न कार्यालयों में पदाधिकारियों और कर्मियों की बैठने की व्यवस्था, दैनंदिन कार्यों के पंजी संधारण, कार्यालय के रखरखाव, और साफ-सफाई की स्थिति का सूक्ष्मता से निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर उपस्थित कर्मियों से संवाद कर कार्यशैली और आवश्यक संसाधनों की जानकारी ली।

समय पर उपस्थिति और स्वच्छता पर विशेष निर्देश

उपायुक्त ने सभी कर्मियों को निर्देश दिया कि वे समय पर कार्यालय में उपस्थित हों तथा कार्यालय परिसर को साफ-सुथरा बनाए रखने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि एक सुदृढ़ और अनुशासित प्रशासनिक वातावरण ही बेहतर सेवाएं प्रदान करने में सहायक होता है।

श्री कुमार ने कार्यालय व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा पारदर्शी बनाने पर भी बल दिया। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को कार्य के प्रति उत्तरदायित्व और अनुशासन को सर्वोपरि रखने की बात कही।

 

उपायुक्त द्वारा कार्यभार ग्रहण के तत्काल बाद निरीक्षण करना यह दर्शाता है कि वे प्रशासनिक अनुशासन, जवाबदेही और कार्यकुशलता को प्राथमिकता दे रहे हैं। यह निरीक्षण न केवल अधिकारियों और कर्मियों के लिए एक प्रेरणा है, बल्कि आम जनता के लिए यह संकेत है कि जिला प्रशासन अब और अधिक सक्रिय और उत्तरदायी रहेगा।

 

*जनहितकारी प्रशासन की दिशा में पहला कदम*

श्री कुमार के इस पहल को जनहित में एक सकारात्मक शुरुआत माना जा रहा है। उनके नेतृत्व में जिले में प्रशासनिक कार्यप्रणाली और सेवा वितरण प्रणाली में सुधार की अपेक्षा की जा रही है।

Related Posts