Regional

झारखंड सीनियर स्टेट एथलेटिक्स में पश्चिमी सिंहभूम को दो रजत सहित कुल पांच पदक, खिलाड़ियों ने किया शानदार प्रदर्शन* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

चाईबासा: बोकारो के चंदनकीयारी स्टेडियम में 25 और 26 मई को आयोजित दो दिवसीय सीनियर झारखंड राज्य स्तरीय एथलेटिक्स प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का मान बढ़ाया। प्रतियोगिता के दूसरे दिन जिले को दो रजत पदक प्राप्त हुए।

 

तुरी कांडेयांग ने 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, वहीं देवाशीष लोहार ने 110 मीटर बाधा दौड़ में रजत पदक हासिल किया। इन उपलब्धियों के साथ ही पश्चिमी सिंहभूम के खिलाड़ियों ने इस प्रतियोगिता में कुल 5 पदक अपने नाम किए।

 

*पदक विजेताओं की सूची इस प्रकार है:*

 

तुरी कांडेयांग – 800 मीटर दौड़ – रजत पदक

 

तुरी कांडेयांग – 1500 मीटर दौड़ – कांस्य पदक

 

देवाशीष लोहार – 110 मीटर बाधा दौड़ – रजत पदक

 

सीता देवगम – 100 मीटर दौड़ – कांस्य पदक

 

लक्ष्मी पिंगुवा – लंबी कूद – कांस्य पदक

 

 

*जिला स्तर पर खिलाड़ियों की सराहना*

 

जिला ओलंपिक सह एथलेटिक्स संघ के सचिव अजय नायक ने जानकारी दी कि जिले के खिलाड़ी अभावों के बावजूद निरंतर राज्य, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर सुविधाओं की कमी होने के बावजूद खिलाड़ियों की मेहनत रंग ला रही है।

 

उन्होंने यह भी मांग की कि जिले में सरकार द्वारा संचालित आवासीय खेल केंद्र अथवा डे-बोर्डिंग सेंटर की स्थापना की जाए, ताकि इन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, पोषण और जरूरी संसाधन उपलब्ध हो सकें, जिससे वे आने वाले समय में और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

 

*बधाई एवं शुभकामनाओं का तांता*

 

इस बेहतरीन प्रदर्शन के लिए सभी पदक विजेता खिलाड़ियों को पश्चिमी सिंहभूम जिला एथलेटिक्स एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक श्रीमती जोबा माझी, विधायक जगत माझी, संरक्षक मुकुंद रुंगटा, अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष निरज संदवार, बलराज हिंदवार, सचिव अजय नायक समेत अन्य पदाधिकारियों एवं जिले के खेलप्रेमियों ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

संयुक्त सचिव काश्मीर कांडेयांग, ओंकार महतो, अर्जुन महाकुड, विजय वानरा, संजीव बहांदा, लखिंदर बैगो, गुरु, शरवनदीप, मंजर आलम, मुन्ना विरुली, पवन, दुलाल सिकंदर समेत अनेक खेलप्रेमियों ने इन युवाओं की सफलता को जिले के लिए गौरव की बात बताया।

Related Posts