विश्व पर्यावरण दिवस पर वृक्षाथोन का आयोजन, हजारों लोग हुए शामिल
                                                
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। गुरुवार की प्रातः 6 बजे विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर जमशेदपुर वन प्रमंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से वृक्षाथोन का आयोजन किया गया। इस दौड़ में हजारों की संख्या में शहरवासी उत्साह के साथ शामिल हुए।

यह दौड़ सोनारी स्थित वन भवन परिसर से शुरू होकर शहर के विभिन्न इलाकों से गुजरते हुए पुनः वन भवन परिसर में आकर समाप्त हुई। कुल 7 किलोमीटर की इस दौड़ का आयोजन शहरवासियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए किया गया था।

मौके पर जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ जिले के डीएफओ सबा आलम भी मौजूद थे। दोनों अधिकारियों ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया। इस बार प्लास्टिक मुक्त देश बनाने का संकल्प भी लिया गया।

जिले के उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने इस अवसर पर सभी को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को अपने निजी जीवन में ऐसे बदलाव लाने चाहिए जिससे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सकारात्मक सुधार हो सके।

वहीं, जिले के डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि वन विभाग सालभर पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में जुटा रहता है और इसी कड़ी में यह दौड़ आयोजित की गई है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि आम जीवन में प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह से बंद करें, तभी सही मायनों में पर्यावरण का संरक्षण संभव हो पाएगा।
इस अवसर पर प्रतिभागियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता का अद्भुत उत्साह देखने को मिला।


							
							








