विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने किया पौधारोपण* *न्यायालय परिसर सहित जिले के कई स्थानों में चला अभियान*

चाईबासा: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम द्वारा न्यायालय परिसर सहित जिले के विभिन्न स्थानों पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम झालसा, रांची के निर्देशानुसार प्राधिकार के अध्यक्ष सह प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मौ. शाकिर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर प्राधिकार की प्रभारी सचिव एंजेलिना नीलम मड़की ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण हम सभी की सांझी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि धरती पर जीवन, पर्यावरण की अनुकूलता पर ही निर्भर करता है, ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह इसे स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाए।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। न्यायालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में व्यवहार न्यायालय की निबंधक सह अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी (सदर) सुप्रिया रानी तिग्गा ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धता जताई।
इस मौके पर बड़ी संख्या में न्यायालय कर्मी, अधिकार मित्र और अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। उन्होंने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण जागरूकता के इस अभियान में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण के प्रति लोगों को जागरूक करना और हरियाली को बढ़ावा देना था।
जिला विधिक सेवा प्राधिकार का यह प्रयास न्यायिक क्षेत्र में पर्यावरण के संरक्षण को लेकर सकारात्मक पहल के रूप में देखा जा रहा है।