टाटा कमांड एरिया में संपत्ति रजिस्ट्री को पुन शुरू हो, विधायक ने मंत्री को लिखा पत्र*

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा कमांड एरिया में संपत्ति रजिस्ट्री प्रक्रिया वर्षों से बंद है, जिससे दुकान, मकान, जमीन और फ्लैट्स की खरीद-बिक्री में आम नागरिकों और व्यापारियों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने निबंधन विभाग के मंत्री रामदास सोरेन को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
विधायक ने अपने पत्र में बताया कि सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने भी इस समस्या की ओर ध्यान आकर्षित किया है। चैंबर के अनुसार, रजिस्ट्री प्रक्रिया के ठप होने से क्षेत्र के नागरिकों और व्यापारियों को काफी असुविधा हो रही है। निर्माण गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं और क्षेत्र का विकास कार्य अवरुद्ध हो गया है। इसके अलावा, राज्य सरकार को भी राजस्व का भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
पहले टाटा कमांड एरिया में संपत्तियों का निबंधन सुचारु रूप से होता था, लेकिन हाल के वर्षों में यह प्रक्रिया पूरी तरह से स्थगित है। विधायक ने मंत्री से आग्रह किया है कि इस गंभीर मुद्दे की जांच करते हुए संबंधित अधिकारियों को यथाशीघ्र रजिस्ट्री प्रक्रिया को पुनः शुरू करने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएं, ताकि आम जनता और व्यापारियों की समस्याओं का समाधान किया जा सके और क्षेत्र का विकास भी सुनिश्चित हो सके।