बड़ौदा घाट पर नहाने गए तीन दोस्त नदी में डूबे,एक बचा, दो अब तक लापता, खोज जारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर:बागबेड़ा थाना क्षेत्र स्थित बड़ौदा घाट पर शनिवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। आरवीएस कॉलेज के तीन छात्र—पार्थो कुमार (27), शशांक और शुभम कुमार—नदी में नहाने गए थे। बताया जाता है कि तीनों पहले नदी के उस पार गए और वहां कुछ देर रुके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उन्होंने शराब का सेवन भी किया। इसके बाद शुभम नहाते वक्त अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
शुभम को बचाने के प्रयास में शशांक और पार्थो भी नदी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव में वे भी फंस गए। गनीमत रही कि घाट पर मौजूद मछुआरों ने पार्थो को देख लिया और बांस की मदद से बाहर निकाल लिया। पार्थो को गंभीर हालत में जुगसलाई स्थित राजस्थान सेवा सदन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि शुभम और शशांक अब तक लापता हैं।
अंधेरा होने के चलते शनिवार रात को राहत कार्य रोकना पड़ा। रविवार को टाटा स्टील की रेस्क्यू टीम और गोताखोरों के जरिए तलाशी अभियान फिर से शुरू किया गया। हादसे के बाद घाट पर भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए घाट पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और निगरानी तंत्र की मांग की।
स्थानीय विधायक प्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता कविता परमार घटनास्थल पर पहुंचीं और प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने की अपील की। शुभम पलामू का रहने वाला था और फिलहाल मानगो में रह रहा था, जबकि शशांक कदमा का निवासी था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।