Regional

पूर्वी भारत की प्रतिभाएँ निखारने जमशेदपुर में शुरू हुआ “ताल” प्रतिभा खोज का चौथा सीज़न**

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर।पूर्वी भारत की सबसे बड़ी और बहुचर्चित प्रतिभा प्रतियोगिता “ताल” के चौथे सीज़न की शुरुआत जमशेदपुर से हो चुकी है। साई गुरुकुल, परसुडीह द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में इस बार पूर्वी भारत के पांच प्रमुख शहरों—जमशेदपुर, रांची, बोकारो, धनबाद और कोलकाता—की प्रतिभाओं को मंच मिलेगा।

 

पहला ऑडिशन 15 जून को जमशेदपुर के बिस्टूपुर स्थित मिलनी क्लब में सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इस दौरान प्रतिभागियों को अपनी कला का प्रदर्शन करने का मौका मिलेगा। चयनित प्रतिभागियों को अंतिम चरण के लिए आमंत्रित किया जाएगा, जिसका ग्रैंड फिनाले 10 अगस्त को जमशेदपुर में भव्य रूप से आयोजित होगा।

 

इस बार कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत यह है कि सेलिब्रिटी जज के तौर पर मशहूर कोरियोग्राफर आकांक्षा शर्मा मौजूद रहेंगी, जिन्होंने बॉलीवुड के कई बड़े सितारों के साथ काम किया है। साथ ही, सिंगिंग और मॉडलिंग के क्षेत्र से कोलकाता और जमशेदपुर के प्रसिद्ध गुरुओं व विशेषज्ञों की निर्णायक मंडली भी मंच की शोभा बढ़ाएगी।

 

इस अवसर पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में साई गुरुकुल के संस्थापक अरूप मजूमदार, संगीत शिक्षिका सोमा मुखर्जी, मॉडल मीता घोष, प्रज्ञा परोमिता चक्रवर्ती, और नृत्य शिक्षक प्रकाश, लिटिल, निखिल समेत अन्य कलाकारों ने कार्यक्रम के उद्देश्यों पर विस्तार से चर्चा की।

 

साई गुरुकुल के अनुसार, इस आयोजन का उद्देश्य सिर्फ बच्चों और युवाओं को मंच देना नहीं है, बल्कि प्रशिक्षकों की प्रतिभा और प्रशिक्षण क्षमता को भी उजागर करना है। साथ ही, इस कार्यक्रम से प्राप्त होने वाली समस्त आय वृद्धाश्रम को समर्पित की जाएगी, जिससे समाज सेवा का भी एक महत्वपूर्ण संदेश दिया जा सके।

 

इस तरह “ताल” प्रतिभा खोज प्रतियोगिता न सिर्फ कला और संस्कृति को बढ़ावा दे रही है, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी का भी निर्वहन कर रही है। अधिक जानकारी और भागीदारी के लिए साई गुरुकुल, परसुडीह, जमशेदपुर से संपर्क किया जा सकता है।

Related Posts