बिरसा मुंडा का जीवन अन्याय के खिलाफ संघर्ष की प्रेरणा देता है: जोबा माझी* *बंदगांव के कारिका गांव में पुण्यतिथि पर सांसद समेत सैकड़ों लोगों ने दी श्रद्धांजलि, छऊ नृत्य व मेला का आयोजन*

न्यूज़ लहर संवाददाता
बंदगांव: पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित बंदगांव प्रखंड के कारिका गांव में सोमवार को वीर बिरसा मुंडा मेमोरियल क्लब के तत्वावधान में स्वतंत्रता सेनानी बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सांसद जोबा माझी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान गांव में छऊ नृत्य और स्थानीय मेला का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुण्यतिथि के मौके पर सभा को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि बिरसा मुंडा न केवल स्वतंत्रता सेनानी थे, बल्कि उन्होंने अपनी संस्कृति, जमीन और सभ्यता की रक्षा के लिए भी संघर्ष किया। उनका जीवन पूरी तरह से संघर्षों से भरा रहा और आज की युवा पीढ़ी को उनसे प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अन्याय के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी, वह सभी के लिए एक मिसाल है।
झामुमो के चक्रधरपुर प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने कहा कि युवा पीढ़ी को भगवान बिरसा मुंडा के जीवन और उनके संघर्ष को जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति अन्य प्रदेश से झारखंड आता है, तो वह इस धरती को बिरसा मुंडा की भूमि कहकर सम्मान देता है। उन्होंने मेमोरियल क्लब से अपील की कि ऐसे आयोजनों को और भी भव्यता के साथ किया जाए ताकि नई पीढ़ी उनके योगदान को समझ सके।
कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय कलाकारों द्वारा पारंपरिक नृत्य प्रस्तुति से हुई, जिसे लोगों ने सराहा। इस दौरान कारिका गांव में मेले का भी आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
इस अवसर पर झामुमो केंद्रीय सदस्य रामलाल मुंडा, मिथुन गागराई, मसीह चरण पुरती, आलोक मुंडू, प्रेम मुंडरी, पीरु हेम्ब्रम, ताराकांत सिजुई, विक्की सिंह, प्रदीप महतो, जादो राय मुंडरी, टिंकू पाहन, लोबा मुंडू, लम्बरा मुंडू, गोपाल मुंडा, विकास मुंडू, कालीदास हासा पूर्ति, नंदलाल मुंडू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।