जमशेदपुर में देर रात चला बड़ा पुलिस अभियान, 77 गिरफ्तार, 365 दागियों का सत्यापन
न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले में आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने और फरार आरोपियों को पकड़ने के उद्देश्य से पुलिस ने देर रात विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इस अभियान के तहत शहर के रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड सहित 125 से अधिक होटलों, लॉज और अतिथि गृहों की गहन जांच की गई। साथ ही, संदिग्ध खानाबदोश लोगों की भी तलाशी ली गई।
अभियान के दौरान कुल 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा पिछले पांच वर्षों में फायरिंग से जुड़े मामलों में शामिल 159 आरोपियों सहित कुल 365 आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों का सत्यापन भी किया गया। अभियान को सफल बनाने के लिए गोलमुरी पुलिस केंद्र से अतिरिक्त बल की तैनाती की गई थी।
पुलिस का यह विशेष अभियान आपराधिक तत्वों की पहचान, गिरफ्तारी और शहरी सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के मकसद से चलाया गया था। जिले में ऐसे सघन जांच अभियानों से कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाए जाने की उम्मीद है।












