*सरायकेला में सड़क हादसे में पुलिस आरक्षी की मौत, अज्ञात वाहन फरार*
न्यूज़ लहर संवाददाता
सरायकेला।सरायकेला खरसावां जिले के सरायकेला थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पुलिस आरक्षी की मौत हो गई है। हादसा रविवार देर रात करीब 11 बजे हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास हुआ। आरक्षी कमल किशोर बोंगबोंगा अपने दस दिन के नवजात पुत्र को देखकर ड्यूटी पर लौट रहे थे। उसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
आरक्षी को तुरंत सरायकेला सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आरक्षी कमल किशोर बोंगबोंगा की उम्र 36 साल थी और वे पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगरनाथपुर थाना अंतर्गत मालूका गांव के निवासी थे। वे सरायकेला के दुगनी पुलिस केंद्र में पदस्थापित थे।
बीते 4 जून को उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। 14 जून को वे छुट्टी लेकर अपने नवजात पुत्र से मिलने के लिए अपने गांव गए थे। 16 जून को ड्यूटी पकड़ने के लिए वे 15 जून की रात अपनी बाइक (नंबर झजेएच 06 जे 7360) से सरायकेला लौट रहे थे। इसी दौरान हंसाउड़ी पेट्रोल पंप के पास चाईबासा की ओर जा रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी और फरार हो गया।
कमल किशोर बोंगबोंगा का एक 6 वर्ष का पुत्र भी है और बीते 4 जून को उन्हें एक और पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई थी। इस घटना से पुलिस विभाग और उनके परिवार में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।