Regional

ग्रामीण कार्य विभाग में टेंडर घोटाले का आरोप, भाजपा ने कहा- चल रहा है ‘रजक राज'”

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला में पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने ग्रामीण कार्य विभाग पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि नियमों को ताक पर रखकर टेंडर प्रक्रिया को नियंत्रित किया जा रहा है। उन्होंने इंजीनियर राजेश रजक पर पक्षपात का आरोप लगाया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने ग्रामीण कार्य विभाग में गंभीर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग में ‘रजक राज’ स्थापित हो चुका है, जहां नियम-कायदों की अनदेखी कर टेंडर प्रक्रिया को अपने हिसाब से संचालित किया जा रहा है। उन्होंने इंजीनियर राजेश रजक को अभियंता प्रमुख से भी प्रभावशाली बताया और कहा कि राजनीतिक संरक्षण के चलते वह टेंडरों में मनचाहे संवेदकों को लाभ पहुंचा रहे हैं।

गागराई ने कोल्हान प्रमंडल की दो निविदाओं (NIT No. 19/2024-25 और NIT No- RWD/CBSA/STPKG/03/2024-25) में घोर अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि एक योग्य संवेदक को जानबूझकर अयोग्य ठहराया गया, जबकि ग्रीवेंस के बावजूद आरोहण बिल्डर की आपत्तियों को दरकिनार कर दिया गया।

उन्होंने राज्य सरकार से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि सरकार चुप रही, तो भाजपा आंदोलन करेगी।

Related Posts