Regional

श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के शिखर निर्माण का शुभारंभ, सरयू राय ने 200 फीट ऊंचे शिखर पर चढ़कर की पूजा

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित केबुल टाउन में ऐतिहासिक श्री लक्ष्मीनारायण मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य के दूसरे चरण का शुभारंभ मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं 200 फीट ऊँचे मंदिर शिखर पर चढ़कर विधिवत पूजा-अर्चना की और नारियल फोड़कर निर्माण कार्य का शुभ संकेत दिया।

भारी बारिश के बावजूद विधायक राय ने निर्धारित समय पर पूजा संपन्न करने के संकल्प के साथ शिखर तक की कठिन चढ़ाई पूरी की। उन्होंने बताया कि मंदिर शिखर से पूरा केबुल टाउन स्पष्ट दिखाई दे रहा था और उस क्षण उन्हें एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति हुई। उन्होंने कहा कि यह मंदिर न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि पूरे जमशेदपुर शहर पर श्री लक्ष्मीनारायण जी की कृपा दृष्टि भी बनी रहेगी।

विधायक राय ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार का पहला चरण सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। दूसरे चरण में मुख्य मंदिर के शिखर का निर्माण किया जाएगा, जिसे लगभग छह महीने में पूर्ण करने का लक्ष्य है। इसके साथ ही भूमिगत स्थल का निर्माण कार्य भी किया जाएगा, जिससे मंदिर परिसर और अधिक समृद्ध और उपयोगी बनेगा।

उन्होंने कहा कि मंदिर निर्माण की यह योजना कोई साधारण कार्य नहीं है, बल्कि एक सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना का पुनरुद्धार है। यह मंदिर शहर का एक प्रमुख आध्यात्मिक केन्द्र बनेगा, जहाँ वैदिक परंपराओं के संरक्षण के लिए एक वेद अनुशीलन केंद्र भी स्थापित किया जाएगा। इस केंद्र में पुरोहितों को वैदिक अध्ययन और अनुशासन का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सरयू राय ने यह भी स्पष्ट किया कि यह मंदिर केवल पूजा-पाठ का स्थान नहीं होगा, बल्कि यहाँ से समाज सेवा के विविध कार्य भी संचालित किए जाएंगे। गरीबों और जरूरतमंदों के लिए भोजन, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह मंदिर लगभग तीन दशक से अधूरा पड़ा था, लेकिन अब यह भव्यता की ओर बढ़ रहा है।

शिखर निर्माण कार्य के शुभारंभ अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम में अशोक गोयल, आशुतोष राय, हरे राम सिंह, नीरज सिंह, सुबोध श्रीवास्तव, सुधीर सिंह, पंडित बिनोद पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, यू.के. शर्मा, मिश्रा जी, असीम पाठक, साकेत सिंह, अनिकेत सिंह, दीपक महाराणा, इन्द्रजीत सिंह, झुना सिंह, कैलाश झा, प्रकाश कोया, सुशील खड़का, मार्शल मुर्मू, अजय कुमार, मंजू सिंह, संतोष भगत, दसरथी चौधरी, बी.के. सिंह, विजय सिंह, शंकर कर्मकार, विश्वजीत सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Related Posts