लगातार बारिश से ढहा मिट्टी का मकान, महिला की मौत, तीन मासूम घायल; चाईबासा की बदहाली पर भाजपा नेताओं ने जताई चिंता

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले में लगातार तीन दिनों से हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। चक्रधरपुर प्रखंड के कुलीतोडांग गांव में गुरुवार सुबह एक मिट्टी का घर ढहने से महिला की मौत हो गई, जबकि तीन मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं चाईबासा शहर की दुर्दशा पर भाजपा नेताओं ने नगर परिषद और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।
चक्रधरपुर प्रखंड की कुलीतोडांग पंचायत के कुलीतोडांग गांव में गुरुवार सुबह करीब 7 बजे भारी बारिश के कारण गुरुवारी दोंगो (पति रंगिया दोंगो) का कच्चा मकान ढह गया। हादसे में गुरुवारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके तीन वर्षीय पुत्र सुनील दोंगो, डेढ़ वर्षीय गुलशन दोंगो और भतीजी हिलरी पूर्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य घर में ही थे और मलबे में दब गए। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को बाहर निकाला और अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया। पंचायत मुखिया माझी जोंको भी मौके पर पहुंचे और मुआवजा देने की मांग की। मृतका के पति रंगिया दोंगो तमिलनाडु में मजदूरी करते हैं।
इधर, चाईबासा में नगर परिषद की लचर व्यवस्था पर भाजपा नेताओं ने चिंता जताई है। बुधवार देर शाम अन्नपूर्णा रेस्टोरेंट में हुई बैठक में पूर्व मंत्री एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई ने कहा कि “एक दिन की बारिश ने ही प्रशासन की पोल खोल दी है।” गौरव शर्मा ने कहा कि नालियों की सफाई नहीं होने से सड़कों पर गंदा पानी बह रहा है। अन्य वक्ताओं ने ‘मैया सम्मान योजना’ को वोट बैंक आधारित योजना बताते हुए उसकी निरंतरता पर सवाल उठाए।
बैठक में बिरजू रजक, रोहित पाल, संजय तिवारी, लील्टू यादव, सुशील शर्मा, अमन पांडे समेत कई भाजपा कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित थे। सभी ने एकजुट होकर जल्द समाधान की मांग की और आंदोलन की चेतावनी दी।