सुंदरनगर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य आयोजन, सुबोध झा ने किया नेतृत्व

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सुंदरनगर भाजपा मंडल की ओर से कल्याण मंडप प्रांगण में योग कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अमित मिश्रा ने की, जबकि भाजपा जिला मुख्यालय प्रभारी एवं सुंदरनगर मंडल प्रभारी सुबोध झा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सुबह 6 बजे से प्रारंभ हुए इस योग सत्र में सुबोध झा ने स्वयं भाग लिया और कार्यकर्ताओं को योग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे देश में योग दिवस मनाया जा रहा है। यह हमारे स्वास्थ्य और जीवनशैली में सकारात्मक परिवर्तन लाने का एक श्रेष्ठ माध्यम है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे नियमित रूप से योग करें और निरोग जीवन जिएं।
इस मौके पर पूर्व जिला परिषद सदस्य रानाडे, प्रदीप मुखर्जी, सोमनाथ बनर्जी, भारती देवी, संगीता सिंह, अनीता देवी, विनोद राम, पप्पू वर्मा, राकेश कुमार, सुनील कुमार, ईश्वर सोरेन सहित भाजपा के अनेक वरिष्ठ कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कार्यक्रम के अंत में यादव क्लब की ओर से सुबोध झा को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आयोजन को सफल बनाने में मंडल के सभी कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका रही।