योग दिवस पर संप्रेषण गृह में बच्चों को कराया गया योग, दी गई स्वास्थ्य संबंधी जानकारी

चाईबासा: राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के दिशा-निर्देश पर एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा मोहम्मद शाकिर के आदेशानुसार तथा सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिले के संप्रेषण गृह, छाया बालिका गृह एवं बाल कुंज में विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
“योग: एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य” थीम पर आधारित इस कार्यक्रम में बच्चों को योगाभ्यास कराया गया तथा योग के महत्व पर प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने बच्चों को बताया कि किस प्रकार विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए अलग-अलग योगासन लाभकारी होते हैं। साथ ही यह भी बताया गया कि योग कब और कैसे करना चाहिए एवं योगाभ्यास के लिए स्थान की क्या विशेषताएं होनी चाहिए।
इस अवसर पर सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा सह अधीक्षक, संप्रेषण गृह खुशेन्द्र केसरी, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पुनीता तिवारी, तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की पीएलवी रेणु देवी की उपस्थिति रही। इनके मार्गदर्शन में बच्चों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास किया और शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूकता प्राप्त की।
इस आयोजन ने न सिर्फ बच्चों को योग के प्रति प्रेरित किया बल्कि उन्हें स्वास्थ्य और आत्मअनुशासन के महत्व को भी समझाया।