Regional

रामा पांडे को न्याय दिलाने हस्ताक्षर अभियान शुरू करेगा मजदूर संघ, प्रशासन को सौंपेगा मांगपत्र

न्यूज़ लहर संवाददाता
गुवा। पश्चिम सिंहभूम जिला प्रशासन ने मजदूर नेता और झामुमो के रामा शंकर पाण्डेय को पार्टी से बाहर निकाला, अब समर्थन में झारखंड मजदूर संघर्ष संघ एक बार फिर लामबंद हो गया है। यूनियन ने रविवार को गुवा में आयोजित विशेष बैठक में रामा पांडे को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगाते हुए हस्ताक्षर अभियान चलाने की घोषणा की। यह हस्ताक्षर अभियान प्रशासनिक अधिकारियों को सौंपे जाने वाले मांगपत्र का हिस्सा होगा।
झारखंड मजदूर संघर्ष संघ यूनियन कार्यालय में रविवार को सेल कर्मचारियों, ठेका मजदूरों, बेरोजगार युवाओं और ग्रामीणों की उपस्थिति में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता यूनियन के महामंत्री अंतर्यामी महाकुड़ ने की। उन्होंने कहा कि मजदूर नेता रामा पांडे को साजिश के तहत जिला बदर किया गया और पार्टी से छह माह के लिए निष्कासित कर दिया गया, ताकि मजदूरों की आवाज को दबाया जा सके।

महामंत्री ने कहा कि यूनियन मजदूरों के हक के लिए आवाज उठाता है लेकिन कुछ शक्तियां मजदूरों को शोषित रखने के लिए नेताओं को निशाना बना रही हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि रामा पांडे के समर्थन में यूनियन संघर्ष जारी रखेगा।

महाकुड़ ने ऐलान किया कि मजदूरों की समस्याओं के समाधान और रामा पांडे को न्याय दिलाने के लिए जल्द ही एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया जाएगा। यह हस्ताक्षरयुक्त मांगपत्र उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीओ, सीडीपीओ और थाना प्रभारी को सौंपा जाएगा। यदि इसके बावजूद न्याय नहीं मिला तो यूनियन न्यायालय की शरण में जाएगी।

बैठक में उपाध्यक्ष राजेश यादव, सिकंदर पान, चंद्रिका खंडायत, उप महासचिव सावन सांडिल, संजय सांडिल, पार्वती दास, लक्ष्मी बड़ाईक, सीमा पूर्ति, आरती होरो, नूतन सुंडी, गुरुचरण करुवा, शकील खान, सुनील सिंह, उमेश नाग, पवन मुंडा सहित बड़ी संख्या में सेल कर्मचारी, ठेका मजदूर और ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Posts