Regional

सवर्ण आयोग व भाजपा में सवर्ण मोर्चा गठन की मांग, केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को सौंपा गया ज्ञापन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर। सवर्ण महासंघ फाउंडेशन ऑफ इंडिया ने सोमवार को केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह को एक ज्ञापन सौंपकर सवर्ण समाज की राजनीतिक और सामाजिक स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की। फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी. डी. त्रिपाठी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में केंद्र सरकार से राष्ट्रीय सवर्ण आयोग के गठन और भारतीय जनता पार्टी में सवर्ण मोर्चा की स्थापना की मांग की गई।

त्रिपाठी ने कहा कि सवर्ण समाज, जो सदियों से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है, आज खुद को दोयम दर्जे का नागरिक महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था में सवर्णों को न तो संस्थागत सुरक्षा मिली है और न ही राजनीतिक प्रतिनिधित्व का मंच। इससे समाज के भीतर गहरी हताशा उत्पन्न हो रही है।

 

उन्होंने जोर देते हुए कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना को साकार करें और सवर्ण समाज के लिए आयोग व मोर्चा का गठन कर एक ऐतिहासिक पहल करें। त्रिपाठी ने यह भी कहा कि सवर्ण समाज समरसता, समता और सभी वर्गों के कल्याण के लिए हमेशा से बलिदान करता आया है।

 

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांवर लाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष (झारखंड) बाबू बिरेंद्र सिंह, महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती अनिशा सिंहा, संयोजक रजनी सिंह, प्रदेश महामंत्री रविशंकर तिवारी, जमशेदपुर जिला अध्यक्ष प्रमोद उपाध्याय, सरायकेला-खरसावां जिलाध्यक्ष मनीष सिंह वंदन, आईटी सेल अध्यक्ष रविकांत तिवारी और जिला मीडिया प्रभारी विजय कुमार सिंह समेत अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

Related Posts