खस्ताहाल बाजार समिति का निरीक्षण कर भड़के आनंद बिहारी दुबे, कहा- किसानों और व्यापारियों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर।कृषि उत्पादन बाजार समिति, खासमहल परसुडीह की बदहाल स्थिति पर पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की। बुधवार को कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने दुबे के नेतृत्व में बाजार समिति परिसर का दौरा किया और पणन सचिव भूषण आनंद से मुलाकात कर 14 प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बाजार परिसर की अधिकांश दुकानें और गोदाम जर्जर अवस्था में हैं, जिनकी मरम्मत की तत्काल आवश्यकता है। सड़कों की हालत भी काफी खराब है। पणन सचिव ने बताया कि 74 लाख रुपये की लागत से NREP के माध्यम से सड़क निर्माण की प्रक्रिया जारी है। साफ-सफाई की स्थिति निराशाजनक पाई गई, जिस पर प्रतिनिधिमंडल ने नियमित स्वच्छता अभियान की मांग की।
कैंटीन व्यवस्था 2024 से बंद है और संवेदक फरार है। पणन सचिव ने जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। वहीं रैन बसेरा पूरी तरह कंडम हो चुका है, जिस पर दुबे ने उपायुक्त से हस्तक्षेप की मांग की। किसानों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम सीमित चल रहे हैं, जिन्हें बढ़ाने की जरूरत बताई गई।
पेयजल और शौचालय की स्थिति भी खराब है। दुबे ने एक सामाजिक संगठन के माध्यम से जल्द वाटर कूलर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया, साथ ही कांग्रेस की ओर से टंकी सफाई करवाने का आश्वासन भी दिया। श्रमिकों की समस्याएं जैसे पीएफ, स्वास्थ्य, बच्चों की शिक्षा आदि को लेकर श्रम विभाग से समन्वय की बात हुई।
वाहन चालकों और मालवाहक वाहनों को हो रही असुविधा, नए आधुनिक बाजार के निर्माण की प्रगति, तथा परिसर में 50 नई लाइटें लगाने की योजना पर भी चर्चा हुई। पणन सचिव ने बताया कि परसुडीह बाजार को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा, जिससे ग्राहक संख्या और व्यापार दोनों में वृद्धि हो सके।
आनंद बिहारी दुबे ने कहा कि सभी मुद्दों को कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की और बाजार बोर्ड के चेयरमैन रविंद्र सिंह तक जिला कांग्रेस कमिटी मांग पत्र के माध्यम से पहुंचाएगी। प्रतिनिधिमंडल में संजय सिंह आजाद, ब्रजेन्द्र तिवारी, राजकिशोर यादव, आशीष ठाकुर, नारायण डे, मुन्ना मिश्र, अजय मंडल, अंकुश बनर्जी, कमलेश कुमार सहित कई नेता शामिल थे।