Regional

पूर्व प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हा राव की जयंती पर कांग्रेसियों ने अर्पित की श्रद्धांजलि कांग्रेस भवन, चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम में याद किए गए राव के ऐतिहासिक योगदान

 

चाईबासा: भारत के पूर्व प्रधानमंत्री पामुलापति वेंकट नरसिम्हा राव की जयंती पर शनिवार को चाईबासा स्थित कांग्रेस भवन में कांग्रेसजनों ने श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। कार्यक्रम में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्व. राव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें कोटि-कोटि नमन किया।

इस अवसर पर कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि पी.वी. नरसिम्हा राव एक दूरदर्शी और कर्मठ नेता थे, जिनकी अगुवाई में भारत ने ऐतिहासिक आर्थिक सुधारों की दिशा में कदम बढ़ाया। उन्होंने कहा, “स्व. राव ने प्रधानमंत्री के रूप में न केवल पांच वर्षों का सफल कार्यकाल पूरा किया, बल्कि देश को उदारीकरण, निजीकरण और वैश्वीकरण के रास्ते पर अग्रसर किया। उनके नेतृत्व में भारत की अर्थव्यवस्था ने एक नई दिशा पाई।”

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नरसिम्हा राव का कार्यकाल भारतीय इतिहास में एक परिवर्तनकारी कालखंड माना जाता है। उनके साहसिक निर्णयों और प्रशासनिक कौशल ने देश को आर्थिक संकट से उबारते हुए विश्व पटल पर एक नई पहचान दिलाई। उनके योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

कार्यक्रम में कांग्रेस नेताओं ने एक स्वर में कहा कि पी.वी. नरसिम्हा राव का जीवन और कार्यशैली वर्तमान व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने लोक-कल्याण के प्रति अपनी गहरी प्रतिबद्धता से यह सिद्ध किया कि दूरदर्शी नेतृत्व से राष्ट्र का कायाकल्प संभव है।

इस अवसर पर कई वरिष्ठ और युवा कांग्रेस नेता उपस्थित थे। इनमें प्रमुख रूप से जिला महासचिव कैरा बिरुवा, अशोक बारीक, सचिव जगदीश सुंडी, नगर अध्यक्ष मो. सलीम, प्रखंड अध्यक्ष सकारी दोंगो, मंडल अध्यक्ष अशोक मुंडरी, नगर महासचिव मो. शहजादा, वरिष्ठ नेता अजीत कांडेयांग, सुरसेन टोपनो, अजय कुमार, मो. अरसलाम, संजय साव, जुम्बल सुंडी, सुशील दास, सी.एच. रमेश और बिरसा पुरती शामिल थे।

Related Posts