झारखंड के 5 मेडिकल कॉलेजों को मिली एमबीबीएस दाखिले की सशर्त मंजूरी, 100-100 सीटों पर होगा एडमिशन

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची।झारखंड के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की पढ़ाई करने की इच्छा रखने वाले छात्रों के लिए अच्छी खबर है। राज्य के पांचों सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सत्र 2025-26 के लिए 100-100 सीटों पर दाखिले की अनुमति दे दी गई है। यह मंजूरी नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) ने दी है। कमीशन ने झारखंड के स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह और सभी पांच मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य को पत्र भेजकर इसकी जानकारी दी है।
इन कॉलेजों को मिली अनुमति
1. फूलो झानो मेडिकल कॉलेज, दुमका
2. मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज, पलामू
3. शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज, हजारीबाग
4. शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज, धनबाद
5. एमजीएम मेडिकल कॉलेज, जमशेदपुर
हालांकि यह अनुमति सशर्त है। NMC ने कहा है कि इन कॉलेजों में जो भी खामियां और संसाधनों की कमी पाई गई हैं, उन्हें अगले 4 महीनों में सुधारना होगा। इसके साथ ही, अगले शैक्षणिक सत्र में दाखिले के लिए इन कॉलेजों को NMC की मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड से फिर से अनुमति लेनी होगी।
फैकल्टी की बात करें तो पांचों कॉलेजों में सबसे कम स्टाफ दुमका में है। दुमका में सिर्फ 41 फैकल्टी है। वहीं पलामू में 71, हजारीबाग में 78, जमशेदपुर में 133 और धनबाद में 141 फैकल्टी सदस्य हैं। फैकल्टी में प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, ट्यूटर और सीनियर रेजीडेंट शामिल हैं।
प्रोफेसरों की संख्या इस प्रकार है-
धनबाद और जमशेदपुर में 9-9
हजारीबाग में 7
दुमका में 6
पलामू में सिर्फ 4 प्रोफेसर
गौरतलब है कि वर्ष 2019 में पहली बार दुमका, पलामू और हजारीबाग मेडिकल कॉलेजों को 100 सीटों की मंजूरी मिली थी। लेकिन 2020 में संसाधनों की कमी के कारण सीटें रोक दी गई थीं। अब फिर से इन कॉलेजों को मौका मिला है, लेकिन सुधार की शर्त के साथ।