जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा सहेली ने किया फलदार वृक्षारोपण, अस्पताल परिसर हुआ हराभरा* *जामुन, आम, नींबू जैसे पौधों से मरीजों को मिलेगा लाभ, पर्यावरण संतुलन में भी होगा योगदान*

चाईबासा: पर्यावरण संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जायंट्स ग्रुप ऑफ चाईबासा सहेली ने सदर अस्पताल स्थित नर्सिंग कौशल कॉलेज परिसर में मानसून के आगमन पर फलदार वृक्षों का रोपण किया। इस अवसर पर जामुन, नींबू, आंवला, अनार, संतरा, चीकू और आम जैसे पौधे लगाए गए।
इस वृक्षारोपण का उद्देश्य न केवल परिसर को हरा-भरा बनाना है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को दवा के साथ-साथ प्राकृतिक फलों का पोषण भी प्राप्त हो सके। फलदार वृक्षों से भविष्य में मरीजों को ताजे फल मिल सकेंगे, जिससे उनके स्वास्थ्य लाभ में भी सहायता मिलेगी।
जायंट्स ग्रुप सहेली ने यह संकल्प लिया है कि वे हर महीने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में अपना योगदान देंगे। इस परियोजना को सफल बनाने में अध्यक्ष मंजरी पसारी, कोषाध्यक्ष रश्मि अग्रवाल, प्रियंका महाजन और रश्मिता का विशेष योगदान रहा।
कार्यक्रम में नर्सिंग कॉलेज की प्रिंसिपल रीना वर्मन, एडमिन मनोज कुमार सिन्हा, शिक्षिका एवं नर्सिंग प्रशिक्षिकाओं ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई और सहयोग प्रदान किया, जिसकी सराहना की गई।
सहेली ग्रुप की इस पहल को स्थानीय लोगों एवं अस्पताल प्रबंधन की ओर से सराहा गया है। वृक्षारोपण जैसे प्रयासों से न केवल पर्यावरण को फायदा होगा, बल्कि यह सामाजिक चेतना के प्रसार का भी माध्यम बनेगा।