Crime

सारंडा के हुसिपी जंगल से 18 हजार डेटोनेटर बरामद, बम निरोधक दस्ते ने किया नष्ट

 

 

चाईबासा। मंगलवार को पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोन्टो थाना क्षेत्र के हुसिपी गांव स्थित जंगल और पहाड़ी इलाके से झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर की संयुक्त टीम ने सोमवार को सर्च अभियान के दौरान प्रतिबंधित नक्सली संगठन भाकपा (माओवादी) द्वारा छुपाकर रखे गए 18 हजार डेटोनेटर बरामद किए। सुरक्षा के दृष्टिकोण से इन सभी डेटोनेटरों को मौके पर ही बम निरोधक दस्ते की मदद से नष्ट कर दिया गया।

 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि माओवादी संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा और अन्य नक्सली अपने दस्ते के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए सक्रिय हैं। इन्हीं की मौजूदगी और किसी बड़ी नक्सली साजिश की आशंका के मद्देनजर पुलिस, सीआरपीएफ और झारखंड जगुआर द्वारा संयुक्त अभियान चलाया जा रहा था।

 

इसी क्रम में सोमवार को चाईबासा पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि टोन्टो थाना क्षेत्र के हुसिपी गांव के जंगल और पहाड़ी इलाके में नक्सलियों ने बड़ी मात्रा में गोला-बारूद छुपाकर रखा है। इसके बाद चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ 60 बटालियन और झारखंड जगुआर की टीम ने संयुक्त सर्च अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जंगल के भीतर छुपाकर रखे गए लगभग 18 हजार डेटोनेटर बरामद हुए।

 

पुलिस अधीक्षक पश्चिमी सिंहभूम के अनुसार, नक्सलियों का उद्देश्य इन डेटोनेटरों का इस्तेमाल सुरक्षा बलों के विरुद्ध हमले करने और उनके अभियान को रोकने के लिए था। बरामद डेटोनेटर को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। इस अभियान से नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम हो गई।

 

पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में आगे भी सघन तलाशी अभियान जारी रहेगा ताकि किसी भी प्रकार की नक्सली साजिश को पूरी तरह विफल किया जा सके। इस अभियान में चाईबासा पुलिस, सीआरपीएफ 60 बटालियन और झारखंड जगुआर की टीमें शामिल थीं।

Related Posts