खड़बंध ग्राम सभा ने अवैध म्यूटेशन रद्द करने की मांग की, फर्जी दस्तावेज बनाने वालों पर कार्रवाई की तैयारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिले के कुमारडूंगी प्रखंड के खड़बंध गांव में आयोजित ग्राम सभा में अवैध म्यूटेशन रद्द करने और फर्जी दस्तावेज बनाने वालों पर कानूनी कार्रवाई की मांग उठी। मंगलवार को हुई इस बैठक की अध्यक्षता ग्राम मुंडा श्याम पिंगुवा एवं क्षेत्रीय मानकी कृष्णा पिंगुवा ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में खाता संख्या 161 के प्लॉट संख्या 3398, 3399 और 3413 (रकबा 2.44 एकड़) से जुड़े विवाद पर चर्चा हुई। क्षेत्रीय मानकी कृष्णा पिंगुवा ने बताया कि इस जमीन पर अजय पोद्दार (पिता इंद्र पोद्दार, ग्राम कुमारडूंगी) ने अवैध तरीके से खरीद-बिक्री का दावा किया था। मामला अनुमंडल कार्यालय जगन्नाथपुर तक पहुंचा, जहां 2024 में एसडीओ के आदेशानुसार ग्राम सभा के माध्यम से निपटारा होना था। हालांकि दो बार ग्राम सभा होने के बावजूद कोई ठोस दस्तावेज या प्रमाण नहीं मिले।
ग्राम सभा ने सर्वसम्मति से निर्णय लिया कि उक्त खाता संख्या का म्यूटेशन गलत तरीके से किया गया है। अब इस म्यूटेशन को रद्द कराने के लिए उपायुक्त एवं अनुमंडल पदाधिकारी जगन्नाथपुर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ग्राम मुंडा श्याम पिंगुवा ने कहा कि अवैध कागजात रद्द कर फर्जीवाड़ा करने वालों पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वास्तविक जमीन मालिकों को बार-बार पुलिस प्रशासन के माध्यम से धमकाया जाता है। वरिष्ठ नागरिक चुम्बरू पिंगुवा ने कहा कि झारखंड के अन्य क्षेत्रों में भी आदिवासी जमीनों पर इसी तरह के अवैध कब्जे और म्यूटेशन के मामले सामने आ रहे हैं।
ग्राम सभा में रघुनाथ पिंगुवा, अजय बोबोंगा, मथुरा पिंगुवा, मंत्री पिंगुवा सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में फर्जी म्यूटेशन रद्द करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। वहीं अजय पोद्दार ने बताया कि उनके पास कोर्ट से डिग्री है। इसके बाद भी कोर्ट के आदेश की अनदेखी कर भूमि पर कब्जा लेने से रोका जा रहा है।