गढ़वा में गडकरी ने 2 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास किया, शिबू सोरेन के स्वास्थ्य की कामना की, कई फोरलेन सड़कों को मंजूरी

न्यूज़ लहर संवाददाता
गढ़वा : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गड़करी ने बुधवार को झारखंड के गढ़वा में दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं की कुल लागत 2,460 करोड़ रुपये है। इस दौरान उन्होंने झारखंड में सड़क कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने, रोजगार सृजन और उद्योगों के विकास के लिए कई योजनाओं का ऐलान किया। समारोह को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा कि “आपको बहुत अच्छी फोरलेन सड़क मिली है। अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति कैनेडी कहते थे कि अच्छे रास्ते होंगे, तो देश समृद्ध होगा। झारखंड खनिजों से भरपूर है। यहां के नौजवानों को काम मिलेगा, तभी विकास संभव है।
गडकरी ने अपने क्षेत्र की मिसाल देते हुए कहा कि “हमारे इलाके में पानी की किल्लत थी, जिससे 10 हजार किसानों ने आत्महत्या की। हमने तालाब बनाकर हालात बदल दिए। मिट्टी को सड़क निर्माण में लगाया। उसी मॉडल को झारखंड में लागू करूंगा। यहां भी 1,000 तालाब बनवाए जाएंगे।
तसर-सिल्क को लेकर झारखंडी कारीगरी की सराहना
गडकरी ने झारखंड की तसर साड़ी और स्थानीय कला की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, “हम साहेबगंज और गोड्डा भेजकर इन साड़ियों में झारखंडी डिज़ाइन तैयार करवाते हैं। इनकी देशभर में भारी मांग है। यहां कारीगरी और हुनर की कोई कमी नहीं है। जरूरत है तो बस प्रशिक्षण और प्रोत्साहन की।
टोरी-चंदवा और गढ़वा-अंबिकापुर सड़क को मिली मंजूरी
कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने टोरी-चंदवा मार्ग और गढ़वा से अंबिकापुर तक फोरलेन सड़क को मंजूरी दी। यह निर्णय स्थानीय विधायक सत्येंद्र तिवारी और सांसद बीडी राम की मांग पर लिया गया। मंत्री ने कहा कि सांसद बीडी राम के प्रयासों का ही यह परिणाम है कि आज यह सड़क हकीकत बन रही है।
गडकरी ने बताया कि वाराणसी से कोलकाता तक इकोनॉमिक कॉरिडोर पर फोरलेन सड़क का काम भी प्रगति पर है। झारखंड में कुल 2 लाख करोड़ रुपये की सड़क परियोजनाएं संचालित की जाएंगी।
किसान को बताया ‘ऊर्जा दाता’, पुआल से बनेगी CNG
गडकरी ने कहा कि “देश का किसान अब केवल अन्नदाता नहीं, बल्कि ऊर्जा दाता भी होगा। झारखंड में धान की पैदावार होती है, और पुआल से बायो-CNG बनाई जा सकती है। यह योजना यहां भी शुरू की जा सकती है।”
उन्होंने झारखंड के वित्तमंत्री राधाकृष्ण किशोर के इस कथन से सहमति जताई कि “चुनाव तक राजनीति हो, उसके बाद विकास की राजनीति हो।”
अंत में गडकरी ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की और कहा कि हेमंत सोरेन से उनकी बात हुई है। लेकिन वह उपस्थित नहीं हो सके क्योंकि वे दिल्ली में शिबू सोरेन के साथ हैं। गडकरी ने भरोसा दिलाया कि झारखंड में अधूरी कोई योजना नहीं रहेगी। उन्होंने मंच से जय जोहार, जय झारखंड और नमस्कार के साथ अपना भाषण समाप्त किया।