टोकलो-दलभंगा सीमा पर नक्सलियों की बड़ी साजिश नाकाम, जंगल से मिले 30 आईईडी बम
न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा।पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोकलो थाना और दलभंगा ओपी के सीमावर्ती जंगलों में सुरक्षा बलों को नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शुक्रवार को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चाईबासा और सरायकेला-खरसवां पुलिस के साथ झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने तलाशी अभियान के दौरान माओवादियों द्वारा पूर्व में लगाए गए 30 आईईडी बम बरामद किए। बम निरोधक दस्ते ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी बमों को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
पुलिस अधीक्षक चाईबासा को 4 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि भाकपा (माओवादी) के उग्रवादियों ने सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से टोकलो और दलभंगा के जंगलों में बड़ी संख्या में विस्फोटक छुपा रखे हैं। इस इनपुट के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जंगलों और पहाड़ियों में छुपाए गए करीब 30 आईईडी बम बरामद हुए, जिनका वजन लगभग 2-2 किलोग्राम था। सभी बम सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से बिछाए गए थे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार भाकपा (माओवादी) के शीर्ष नेता – मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटू लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत, रापा मुंडा समेत कई अन्य दस्ते के सदस्य लगातार सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय हैं और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। उनकी मौजूदगी की पुख्ता जानकारी मिलने के बाद पूरे इलाके में ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक चाईबासा ने बताया कि अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि अगर कहीं कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दें ताकि समय रहते सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इस अभियान ने साबित कर दिया है कि नक्सली अब भी सुरक्षाबलों को निशाना बनाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और अर्धसैनिक बलों की सतर्कता और रणनीति से उनकी हर साजिश नाकाम हो रही है। लगातार चल रहे इन अभियानों से नक्सलियों का नेटवर्क कमजोर पड़ता जा रहा है और उनकी गतिविधियों पर करारा प्रहार हो रहा है।