रांची में बीएससी नर्सिंग की छात्रा का नहाते समय वीडियो बनाते युवक गिरफ्तार

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची। रांची में बीएससी नर्सिंग की एक छात्रा का नहाते समय वीडियो बनाने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार युवक की पहचान मनीष कुमार उर्फ लिलूवा के रूप में हुई है। घटना गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। छात्रा रिम्स में बीएससी नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी युवक इंद्रप्रस्थ कॉलोनी, जोड़ा तालाब स्थित उसी मोहल्ले में छात्रा के पड़ोस में किराये पर रहता था। जानकारी के मुताबिक, पीड़िता जब बाथरूम में नहा रही थी, उसी दौरान आरोपी ने खिड़की का शीशा हटाकर उसका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। छात्रा को जैसे ही इस हरकत का आभास हुआ, उसने शोर मचा दिया। शोर सुनते ही युवक मौके से फरार हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल बरियातू थाना को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंची और फरार आरोपी के पिता को हिरासत में ले लिया। इसके बाद पिता के कहने पर युवक रात में स्वयं थाने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उसके पिता को छोड़ दिया गया। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।