Regional

पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे और वरिष्ठ कांग्रेसी रेवती रमण प्रसाद के निधन पर कांग्रेस भवन में शोक सभा आयोजित

 

चाईबासा: कांग्रेस भवन, चाईबासा में सोमवार को झारखंड राज्य के पूर्व मंत्री चंद्रशेखर दुबे और प. सिंहभूम जिले के वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रेवती रमण प्रसाद के निधन पर एक शोक सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की कामना की।

शोक सभा में कांग्रेस जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि दोनों नेताओं का निधन पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर दुबे और रेवती रमण प्रसाद कांग्रेस के उन स्तंभों में थे, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई। वे कांग्रेस के मूल विचारों सामाजिक समरसता, सेवा और न्याय के प्रतीक थे। उनका सादगी भरा जीवन और जन-जन से जुड़ाव आज भी कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

शोक सभा में कांग्रेस जिला महासचिव अशोक बारीक, सोशल मीडिया जिला चेयरमैन रवि कच्छप, अल्पसंख्यक विभाग जिला उपाध्यक्ष जहांगीर आलम, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अनीष गोप, नगर अध्यक्ष मोहम्मद सलीम, प्रखंड अध्यक्ष सकारी दोंगो, वरीय कांग्रेसी नेता राजेंद्र कच्छप, सुरसेन टोपनो, जय किशन सालबुनियां, अजय कुमार, राम बिलास प्रजापति, आलोक मजुमदार, नगर महासचिव विजय सिंह, एनएसयूआई सदस्य सूरज गोप, आयुष हेस्सा, अंशु गोप और मोहम्मद कैफ सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कांग्रेसजनों ने दिवंगत नेताओं के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि उनका आदर्श मार्गदर्शन हमेशा संगठन के लिए प्रकाशपुंज बना रहेगा।

Related Posts