विश्व सर्प दिवस पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

जमशेदपुर: विश्व सर्प दिवस के अवसर पर टाटानगर रेल सिविल डिफेंस द्वारा केंद्रीयकृत कर्षण मरम्मत कारखाना (सीटीआरसी) के सभागार में जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों को सांपों से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना, सर्प संरक्षण को बढ़ावा देना और सर्पदंश के मामलों में सही प्राथमिक उपचार की जानकारी देना था।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन कर रहे सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने बताया कि सीटीआरसी और इलेक्ट्रिक लोको शेड, गोलपहाड़ी के तराई क्षेत्र में स्थित होने के कारण यहां अक्सर विभिन्न प्रकार के सांप दिखाई देते हैं, जिनमें विषैले और विषहीन दोनों शामिल हैं। कर्मचारियों को विषैले सांपों की पहचान, सर्पदंश के लक्षण एवं उससे बचाव की विस्तृत जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में आमतौर पर अजगर, घामन, दोमुंहा जैसे विषहीन सांप और करैत, कोबरा व रसेल वाइपर जैसे विषैले सांप पाए जाते हैं। ये प्रायः भोजन की तलाश में कार्यस्थल तक पहुंच जाते हैं। आम लोग अक्सर विषहीन सांपों से भी डरकर प्रतिक्रिया देते हैं, जिससे हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि “सर्पदंश में भय का असर कई बार विष के असर से ज्यादा घातक होता है। ऐसे मामलों में समय रहते सही उपचार और जागरूकता से जान बचाई जा सकती है।” उन्होंने बताया कि सर्पदंश की स्थिति में चार घंटे के भीतर एंटीवेनम का इंजेक्शन लेना आवश्यक होता है। साथ ही, झाड़-फूंक और अंधविश्वास से बचने की सलाह दी गई। कार्यक्रम में प्राथमिक उपचार की विधियां भी सिखाई गईं।
इसके अलावा, आवारा कुत्तों में रैबीज की पहचान को लेकर टेलीफिल्म के माध्यम से कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण सत्र में डेमोन्स्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, शंकर प्रसाद, जवान सत्यप्रकाश, सरस्वती मूर्मू और पार्वती मूर्मू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में कारखाना के सहायक मंडल विद्युत अभियंता ए. के. नंदी, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (सामान्य) एन. बी. सिंह, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (व्हील शॉप) निलेश कुमार, इंदर कुमार, राजीव नयन, सुशील कुमार, ए. के. सिंह, सीमा कुमारी, दीपा घोष, नीलम शर्मा, बैरिस्ट कुमार, शिव पूजन सिंह, एस. के. नायक, रमेश मिश्रा, मिश्रो तांती, एम. विजय कुमार, सूरज, बादल सहित कई रेलकर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अभियंता एन. बी. सिंह द्वारा किया गया।