मानगो फायरिंग कांड का पुलिस ने किया खुलासा, तीन आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर में हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद हुए हैं।
मानगो थाना अंतर्गत जवाहरनगर में मंगलवार की देर रात हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मानगो क्रॉस रोड निवासी शाहीद अली उर्फ काला बाबू (27), मो. महबूब उर्फ टींकू (27) और फैसल अख्तर (24) शामिल हैं। पुलिस ने उनके पास से पिस्टल, खोखा और कारतूस बरामद किए हैं।
बुधवार को एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में शाहीद अली उर्फ काला और मो. महबूब उर्फ टींकू के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस फायरिंग की वजह आपसी विवाद बताया जा रहा है।
घटना के संबंध में मो. अली ने थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मानगो जवाहरनगर में दो गुटों के बीच पुराना विवाद चल रहा था। इसी दौरान मो. अली बीच-बचाव के लिए वहां पहुंचे, तभी आरोपियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से हवाई फायरिंग की।
फिलहाल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस आगे की जांच में जुटी है कि कहीं इस घटना के पीछे कोई और साजिश तो नहीं थी।