साकची प्रखंड कांग्रेस की बैठक में संगठन सृजन पर जोर, मुहल्ला और बूथ कमिटी गठन का आह्वान

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के निर्देश पर साकची प्रखंड कांग्रेस के तत्वावधान में संगठन सृजन अभियान को लेकर बैठक का आयोजन गुरुवार शाम 6:30 बजे साकची जेएनएसी चौक के पास किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष धर्मा राव ने की। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे तथा विशिष्ट अतिथि प्रदेश सचिव सह प्रखंड पर्यवेक्षक राकेश कुमार तिवारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने कहा कि साकची प्रखंड कांग्रेस के अंतर्गत सभी मुहल्ला कमिटियों का गठन किया जाए और संगठन में सामाजिक तथा कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोगों को शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि मुहल्ला क्षेत्रों के अंतर्गत आने वाले बूथों की भी कमिटी बनाई जाए। प्रदेश कांग्रेस कमिटी और चुनाव आयोग के गाइडलाइन के अनुसार BLA-2 का चयन कर उसका फॉर्म भरना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि आगामी 20 जुलाई को चाईबासा में सुबह 10 बजे से प्रदेश कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में प्रशिक्षण शिविर आयोजित होगा, जिसमें प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और प्रखंड पर्यवेक्षक की भागीदारी अनिवार्य है। इस प्रशिक्षण में प्रदेश सह प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ नेता मार्गदर्शन देंगे।
प्रखंड पर्यवेक्षक राकेश कुमार तिवारी ने कहा कि प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों का दौरा करें, संगठन को मजबूत बनाएं, जनता की समस्याओं को संकलित करें और मांग पत्र के माध्यम से संबंधित विभागों में उनकी आवाज उठाकर समाधान कराएं।
बैठक में जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे, प्रदेश सचिव राकेश तिवारी, प्रखंड अध्यक्ष धर्मा राव, केके शुक्ला, आशुतोष सिंह, कमलेश पांडेय, प्रभात रंजन, राजेश चौधरी, ज्योति मिश्रा, अरुण बारीक, दीपक दास, विनोद यादव, सुनीता ओझा, इंदु देवी, बंटी सिंह, विशाल शर्मा, राजीव कुमार सिंह, फिरोज खान, विकास गुप्ता सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।