कोल्हान में कांग्रेस की संगठनात्मक शक्ति प्रदर्शन की तैयारी, 20 जुलाई को चाईबासा में होगा प्रमंडलीय प्रशिक्षण व समीक्षा बैठक*

चाईबासा: कोल्हान प्रमंडल में कांग्रेस संगठन को सशक्त बनाने की कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में कांग्रेस का प्रमंडल स्तरीय संगठन सृजन वर्ष 2025 के तहत एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं समीक्षा बैठक आगामी 20 जुलाई 2025 (रविवार) को आयोजित की जाएगी। यह कार्यक्रम चाईबासा स्थित पिल्लई हॉल में सुबह 11:00 बजे से शुरू होगा।
इस महत्वपूर्ण बैठक में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व झारखंड सह प्रभारी डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, और जगन्नाथपुर विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम की दो सत्रों में होगी रूपरेखा
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के पहले सत्र में कोल्हान के तीनों जिलों पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां के कांग्रेस जिलाध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों, मंडल अध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह सत्र सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
दोपहर 2 बजे से दूसरे सत्र की शुरुआत होगी, जिसमें आगामी नगर निकाय चुनाव की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। इस सत्र में कोल्हान के जिलाध्यक्षों के साथ-साथ चुनाव पर्यवेक्षकों और नगर कमेटी गठन पर विशेष समीक्षा की जाएगी।
घर-घर तक कांग्रेस की पहुंच बनाने का संकल्प
जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि यह आयोजन महज संगठनात्मक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि कांग्रेस की जड़ों को घर-घर तक मजबूत करने का एक ठोस संकल्प है।
इससे पूर्व शुक्रवार को जिला कांग्रेस की एक टीम ने कार्यक्रम स्थल पिल्लई हॉल का निरीक्षण किया। निरीक्षण दल में जिला सोशल मीडिया प्रभारी रवि कच्छप, मंडल अध्यक्ष सिंगराय गोप, और कृष्णा बारी शामिल थे।
कांग्रेस की यह पहल कोल्हान में संगठनात्मक सुदृढ़ता और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिहाज से अहम मानी जा रही है।