दो कबड्डी खिलाड़ी झारखंड टीम में शामिल, चंडीगढ़ में दिखाएंगे दमखम, पश्चिमी सिंहभूम से उज्ज्वल पाठक और गीता हेंब्रम का चयन
चाईबासा: राष्ट्रीय सीनियर महिला एवं पुरुष कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन 25 से 28 जुलाई तक चंडीगढ़ में किया जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में झारखंड की ओर से पश्चिमी सिंहभूम जिले के दो खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम में हुआ है।
हाल ही में झारखंड राज्य कबड्डी संघ की ओर से मोराबादी कबड्डी स्टेडियम, रांची में ट्रायल प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें राज्य भर से कुल 120 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों ने भाग लिया था। पश्चिमी सिंहभूम जिले से 5 महिला एवं 4 पुरुष खिलाड़ियों ने ट्रायल में भाग लिया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पुरुष वर्ग में उज्ज्वल पाठक और महिला वर्ग में गीता हेंब्रम का चयन झारखंड टीम में किया गया। दोनों खिलाड़ी 23 जुलाई को रांची से टीम के साथ चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे।
खिलाड़ियों के चयन पर क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। कोल्हान प्रभारी श्यामल दास, झामुमो नगर अध्यक्ष राहुल तिवारी, जिला सचिव अनुपूर्ति प्रदीप कुमार महतो, गौर चंद मुखी, अनूप प्रसाद, शिव मुखी समेत कई खेल प्रेमियों ने दोनों खिलाड़ियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
खेल जगत से जुड़े लोगों ने उम्मीद जताई है कि उज्ज्वल और गीता अपने शानदार खेल प्रदर्शन से झारखंड और जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।