रेलवे ओवरब्रिज परियोजना ROB-21 का पदाधिकारियों ने किया निरीक्षण, भूमि अधिग्रहण व मुआवजा प्रक्रिया जारी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला अंतर्गत झींकपानी अंचल के माटागुटू और बिष्टमपुर गांव में बन रहे रेलवे ओवरब्रिज परियोजना-21 (ROB-21) की प्रगति का भौतिक निरीक्षण शुक्रवार को किया गया। यह निरीक्षण जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देशानुसार सदर चाईबासा अनुमंडल पदाधिकारी संदीप अनुराग एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
निरीक्षण के दौरान मौके पर स्थानिक प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, ग्रामीण मुण्डा, स्थानीय रैयत तथा राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग के अभियंता उपस्थित थे। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य परियोजना की प्रगति की समीक्षा करना एवं भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की स्थिति की जानकारी लेना था।
परियोजना ROB-21 के तहत राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या-75E पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए बिष्टमपुर गांव के कुल 33 रैयतों और माटागुटू गांव के 21 रैयतों की भूमि अधिग्रहण की गई है। इस प्रक्रिया में अधिकांश रैयतों को मुआवजा राशि देने की दिशा में कार्य तेज़ी से आगे बढ़ रहा है।
बिष्टमपुर गांव के 31 रैयतों में से 14 को मुआवजा स्वरूप कुल ₹2.95 करोड़ की राशि भू-अर्जन कार्यालय से राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल को भेज दी गई है। वहीं 7 रैयतों के ₹2.48 करोड़ की मुआवजा राशि के भुगतान हेतु दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं और संबंधित बैंक खातों का वेरीफिकेशन भूमि राशि पोर्टल पर भेजा जा चुका है।
इसी प्रकार माटागुटू गांव के 21 रैयतों में से 10 को ₹3.43 करोड़ की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है, जिसमें से 7 रैयतों को कुल ₹2.59 करोड़ की राशि उनके बैंक खातों में हस्तांतरित कर दी गई है।
प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि शेष रैयतों को शीघ्र ही मुआवजा राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि परियोजना के निर्माण कार्य में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पारदर्शी प्रक्रिया अपनाने और रैयतों के साथ समन्वय बनाए रखने की आवश्यकता पर बल दिया।