कांग्रेस ने नगर निकाय चुनाव की तैयारियों में झोंकी ताकत, चाईबासा में हुई अहम बैठक*

चाईबासा: आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को परिसदन, चाईबासा में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने की। बैठक में झारखंड प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं नगर निकाय चुनाव के पर्यवेक्षक राजेश ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद रहे। उनके साथ जगन्नाथपुर के विधायक सह सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु तथा कांग्रेस प्रदेश महासचिव (संगठन) अमुल्य नीरज खलखो भी शामिल हुए।
बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई तथा परिपत्र संख्या-108 में उल्लिखित दिशा-निर्देशों के अनुपालन पर विस्तार से चर्चा हुई। राजेश ठाकुर ने कहा कि झारखंड में निकाय चुनाव शीघ्र होने जा रहे हैं, ऐसे में कांग्रेसजनों को अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरना होगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का मूलमंत्र संविधान और सामाजिक न्याय है, और इसी विचारधारा से जुड़े योग्य उम्मीदवारों का चयन कर उन्हें चुनावी मैदान में उतारना है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से नगर निकाय क्षेत्रों में जाकर मजबूत उम्मीदवारों की पहचान करने और संगठन की मजबूती के लिए वार्ड कांग्रेस कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा करने का निर्देश दिया।
बैठक में चाईबासा एवं चक्रधरपुर नगर निकाय क्षेत्रों के पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपते हुए चुनाव की तैयारी में जुट जाने का आह्वान किया गया। बैठक का संचालन चाईबासा नगर निकाय चुनाव के पर्यवेक्षक सह जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन चाईबासा नगर अध्यक्ष मो. सलीम ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष अम्बर रायचौधरी, चक्रधरपुर चुनाव पर्यवेक्षक अनुप्रिया सोय, संगठन पर्यवेक्षक अशरफुल होदा, नगर अध्यक्ष रमेश ठाकुर, ओबीसी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष रंजीत यादव, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रीतम बांकिरा, अल्पसंख्यक विभाग के जिलाध्यक्ष तौहिद आलम, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप, सोशल मीडिया चेयरमैन रवि कच्छप, युवा कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष सौरभ अग्रवाल, जिला महासचिव कैरा बिरुवा, वरीय कांग्रेसी इम्तियाज खान, सनातन बिरुवा, नगर उपाध्यक्ष सुभाष राम तुरी, महासचिव बिट्टू सिंह, प्रेम निषाद, विजय सिंह, मो. शहजादा, मो. शहनवाज हुसैन, मो. जाबिर, चक्रधरपुर नगर उपाध्यक्ष शरण मंडल, एनएसयूआई सदस्य आर्य प्रकाश सोय, प्रकाश हेस्सा सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।
कांग्रेस ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी इस बार नगर निकाय चुनाव को लेकर कोई कोताही नहीं बरतेगी और संगठनात्मक स्तर पर हर कसौटी पर खुद को तैयार रखेगी।