पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में चला स्वच्छता अभियान, महिलाओं के लिए सैनिटरी पैड की सुविधा भी शुरू

न्यूज़ लहर संवाददाता
पाकुड़ ।झारखंड उच्च न्यायालय रांची के निर्देश पर पाकुड़ व्यवहार न्यायालय परिसर में स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम की अगुवाई प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने की। न्यायालय के विभिन्न न्यायिक पदाधिकारी, अधिकारी और कर्मी इस सफाई अभियान में शामिल हुए और पूरे परिसर की साफ-सफाई कर एक स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण तैयार किया गया, जिससे वादी, प्रतिवादी और अधिवक्ताओं को बेहतर माहौल मिल सके।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश शेषनाथ सिंह ने जानकारी दी कि न्यायालय परिसर की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान अधिक वर्षा के कारण परिसर में काई जम जाती है, जिसे ब्लीचिंग पाउडर की सहायता से प्रतिदिन साफ किया जाता है। इस कार्य की निगरानी और सफल क्रियान्वयन के लिए न्यायालय के नाजिर कामेश्वर दास की सराहना की गई, जिनके निरंतर प्रयासों से यह व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने यह भी बताया कि न्यायालय परिसर में स्थित शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित की गई है। खासकर महिला वादियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ऑटोमैटिक सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन की स्थापना की गई है, जिससे महिलाएं मात्र ₹5 में सैनिटरी पैड प्राप्त कर सकती हैं। साथ ही जिनके पास पैड खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं, उनके लिए एक अतिरिक्त मशीन से नि:शुल्क सैनिटरी पैड की व्यवस्था भी की गई है। उपयोग किए गए पैड के सुरक्षित निपटान के लिए सेनेटरी पैड डिस्पोजल मशीन भी लगाई गई है।
न्यायालय परिसर में साफ-सफाई के साथ-साथ वृक्षों की नियमित छंटाई भी की जा रही है। न्यायालय से संबंधित सभी दस्तावेजों और व्यवस्थाओं की जानकारी नियमित रूप से माननीय उच्च न्यायालय को भेजी जा रही है। कार्यक्रम के दौरान प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय सुधांशु कुमार शशि, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत चंद्र, अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल मांझी, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी सदिश उज्जवल बेक, जिला विधिक सेवा प्राधिकार की सचिव रूपा बंदना किरो सहित न्यायालय के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।