Regional

कुदामसादा में जनता दरबार: वंचित लाभुकों को मिला राशन, एक डीलर निलंबित* 

 

 

चाईबासा। पश्चिम सिंहभूम जिला स्थित टोंटो प्रखंड अंतर्गत ग्राम कुदामसादा में सोमवार को प्रखंड प्रशासन द्वारा जनता दरबार का आयोजन किया गया। यह दरबार हाल के दिनों में राशन वितरण में हुई अनियमितताओं और घोटाले की शिकायतों के बाद आयोजित किया गया था। जनता दरबार में प्रखंड विकास पदाधिकारी सह प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ललित कुमार भगत समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

 

जनता दरबार के दौरान टोंटो पंचायत के टेंसरा, बांदाबेड़ा, टोंटो, उद्लकम, टोपाबेड़ा, लिसीमोती और कुदामसादा गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचे और राशन वितरण में गड़बड़ी और लाभुकों के शोषण को लेकर नाराजगी जाहिर की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ डीलर महीनों से राशन का समुचित वितरण नहीं कर रहे थे और कार्डधारियों से मनमानी वसूली कर रहे थे।

 

शिकायतों की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ सह आपूर्ति पदाधिकारी श्री भगत ने मौके पर ही जांच करवाई। जांच के बाद कुदामसादा की डीलर को चेतावनी देते हुए एक अंतिम मौका दिया गया तथा तुरंत वंचित लाभुकों के बीच राशन वितरण कराने का निर्देश दिया गया।

 

वहीं लिसीमोती गांव की सैंया मसकल महिला समूह की डीलर की अनुज्ञप्ति में अनियमितता पाए जाने पर उसे तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

 

गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ग्रामीणों ने राज्य के मंत्री दीपक बिरुवा के समक्ष राशन वितरण में हो रही धांधली की शिकायत की थी, जिसके बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था। उसी कड़ी में आज का यह जनता दरबार आयोजित किया गया।

 

जनता दरबार में कुदामसादा के ग्रामीण मुंडा मारतोम लागुरी, झामुमो टोंटो पंचायत समिति के अध्यक्ष प्रकाश लागुरी, कोषाध्यक्ष दिनेश तुम्बलिया, राम लागुरी, प्रदीप लागुरी, प्रखंड कार्यालय के मोहम्मद ग़ालिब समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Posts