तिरंगा रैली की तैयारी को लेकर पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने की समीक्षा बैठक

चाईबासा: स्वतंत्रता दिवस के पूर्व आयोजित होने वाली तिरंगा रैली को सफल बनाने के उद्देश्य से सोमवार को भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने अपने आवासीय कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में आगामी 12 और 13 अगस्त को मझगांव, मंझारी, कुमारडुंगी एवं तांतनगर प्रखंडों में आयोजित तिरंगा यात्रा को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
बैठक में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री को बताया कि रैली की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और पार्टी के प्रदेश नेतृत्व से मिले निर्देशों के अनुसार यात्रा को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा।
इस दौरान पूर्व मंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश देते हुए कहा कि तिरंगा रैली केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति और एकता का प्रतीक है। इसे सफल बनाने में हर कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जल्द से जल्द अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों को इस अभियान से जोड़ा जाए।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 12 अगस्त को मझगांव और मंझारी प्रखंड में तिरंगा रैली निकाली जाएगी, जबकि 13 अगस्त को कुमारडुंगी और तांतनगर प्रखंड में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। पूर्व मंत्री ने कहा कि यह रैली न केवल स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर देशभक्ति का माहौल बनाएगी, बल्कि आम लोगों को तिरंगे के महत्व और राष्ट्रीय एकता के प्रति जागरूक भी करेगी।
बैठक में भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद थे और सभी ने रैली को सफल बनाने का संकल्प लिया।