Regional

जोन मिरन मुंडा की सजा के विरोध में आदिवासी किसान मजदूर पार्टी का धरना प्रदर्शन

न्यूज़ लहर संवाददाता
चाईबासा: आदिवासी किसान मजदूर पार्टी द्वारा बुधवार को अपने केंद्रीय अध्यक्ष जोन मिरन मुंडा को दुष्कर्म मामले में सुनाई गई सजा के विरोध में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया। यह कार्यक्रम जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में कोर्ट रोड स्थित पुराने डीसी कार्यालय के समीप आयोजित हुआ।

धरना से पूर्व गांधी मैदान में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर एक रैली निकाली गई, जो नारेबाजी करते हुए पुराने डीसी कार्यालय पहुंचकर धरना में तब्दील हो गई।

इस दौरान पार्टी के जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया ने कहा कि, “हमारे केंद्रीय अध्यक्ष जोन मिरन मुंडा पर 2018 के मामले में झूठा मुकदमा दायर कर उन्हें 10 साल की सजा दी गई है। यह साजिश पूंजीपतियों, प्रशासन और स्थानीय विधायक के इशारे पर की गई है।” उन्होंने आरोप लगाया कि, “जोन मिरन मुंडा हमेशा मजदूरों और किसानों की आवाज उठाते रहे हैं, लेकिन यह बात कुछ लोगों को रास नहीं आ रही है।”

तिरिया ने कहा कि पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष को गलत तरीके से फंसाकर उनका राजनीतिक जीवन खत्म करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के बाद अगर कोई आदिवासी समाज के लिए सच्चाई से लड़ रहा है, तो वह जोन मिरन मुंडा हैं।

धरना के उपरांत पार्टी प्रतिनिधिमंडल द्वारा उपायुक्त के माध्यम से मुख्य न्यायाधीश के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

गौरतलब है कि वर्ष 2018 में जगन्नाथपुर की एक 28 वर्षीय महिला ने मनोहरपुर थाना में जोन मिरन मुंडा के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें 10 वर्ष की सजा और ₹5,000 जुर्माना देने का आदेश दिया था। वर्तमान में जोन मिरन मुंडा जमशेदपुर स्थित धागीडीह जेल में सजा काट रहे हैं।

Related Posts