Regional

“हर घर तिरंगा” अभियान के तहत कुमारडूंगी और तांतनगर में ऐतिहासिक तिरंगा रैली का आयोजन, हजारों की संख्या में उमड़े ग्रामीण

 

कुमारडूंगी: झारखंड भाजपा प्रदेश के निर्देशानुसार “हर घर तिरंगा” अभियान के तहत बुधवार को कुमारडूंगी और तांतनगर प्रखंडों में ऐतिहासिक मोटरसाइकिल तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस रैली का नेतृत्व झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता बड़कुंवर गागराई ने किया। देशभक्ति से ओत-प्रोत इस रैली में हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली की शुरुआत कुमारडूंगी प्रखंड के जलडिया टांगर मोड़ से हुई और यह टांगर डीवीसी, कुमिरता, लालोसाई, तिलैयपी, भोंडा, कुंडियाधर, धानसरी, ईंटर, अंधारी, बामेदीरी, मारानदा, कुदाहातु, सेडबिंजा होते हुए कुमारडूंगी भाजपा प्रखंड कार्यालय पर समाप्त हुई।

इस दौरान पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय”, “वीर शहीद अमर रहें” और “वंदे मातरम” जैसे नारों से गूंज उठा। रैली ने पूरे प्रखंड को देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा उन वीर जवानों को समर्पित है जिन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ में देश की रक्षा करते हुए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया, साथ ही यह यात्रा उन क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना जीवन अर्पित कर दिया।

उन्होंने कहा, “आज का भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व मंच पर हर क्षेत्र में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ इसका जीवंत उदाहरण है, जिससे दुनिया को यह संदेश गया है कि भारत किसी भी स्तर पर पीछे नहीं है।”

श्री गागराई ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज कुछ दल देश की आजादी की लड़ाई और झारखंड निर्माण में अपनी भूमिका का बखान करते हैं, लेकिन सच्चाई इतिहास के पन्नों में दर्ज है। उन्होंने कहा, “वर्ष 2000 में जब झारखंड की स्थापना हुई, तब केंद्र में भाजपा की सरकार थी और तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में ही देश में झारखंड सहित तीन नए राज्यों का गठन हुआ था। यह भारतीय जनता पार्टी की दूरदर्शिता और विकासशील सोच का ही परिणाम है।”

उन्होंने आगे कहा कि भाजपा एक ऐसी पार्टी है जो देश, समाज, गांव और जवानों के विकास के लिए लगातार काम करती रही है और करती रहेगी। उन्होंने जोर देते हुए कहा हमारी पार्टी ही सही मायनों में ‘जनता की पार्टी’ है।

इस ऐतिहासिक रैली में कई भाजपा नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से भाजपा मंडल अध्यक्ष विजय सिंह पिंगुवा, महामंत्री विनय दास, पूर्व मंडल अध्यक्ष गोपाल पाट पिंगुवा, दीनबंधू यादव, दामू राम पिंगुवा, इंद्रजीत पान, रामेश्वर सिंकु, संदीप सिंकु, घनश्याम पिंगुवा, पंकज बेहरा, प्रदीप गोप, चंद्रमोहन सिंकु, दीनबंधु बारिक, सरनाथ दास, ममता नायक, गीता देवी, अनामिका पिंगुवा, रंजीत बारिक, रोशन पान, दीपक पोद्दार, लक्ष्मण पिंगुवा, विक्रम गागराई, पौलेश गागराई, भगत कुम्हार समेत कई अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे।

रैली के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने यह संकल्प लिया कि वे देश की एकता, अखंडता और संविधान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे तथा हर घर में तिरंगा फहराकर देशभक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाएंगे।

Related Posts