Crime

चाचा ने ही की भतीजे की हत्या, अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग बना वजह

न्यूज़ लहर संवाददाता
जमशेदपुर। बिरसानगर क्षेत्र में अवैध संबंध और ब्लैकमेलिंग के विवाद से जुड़े एक सनसनीखेज हत्या कांड का खुलासा हुआ है। मृतक कृष्णा महतो का शव 16 अगस्त की रात पुलिस ने गोताखोरों की मदद से हुरलुंग ब्रिज के नीचे से बरामद किया। शव के हाथ-पैर बंधे होने से साफ हो गया कि उसकी सुनियोजित हत्या की गई थी। इस मामले में मृतक का चाचा ही मुख्य आरोपी निकला।

पुलिस जांच में सामने आया कि कृष्णा महतो का अपनी चाची के साथ अवैध संबंध था। इस विवाद के चलते चाची दो माह पूर्व अपने मायके राजनगर चली गई थी, लेकिन कृष्णा लगातार उसकी तस्वीरें दिखाकर ब्लैकमेल कर रहा था। इसी कारण चाचा राजेश महतो ने अपने सहयोगी मुकेश मुर्मू के साथ मिलकर कृष्णा का अपहरण और हत्या की साजिश रची।

बताया जाता है कि 12 अगस्त की रात कृष्णा को बिरसानगर गणेश मंदिर के पास से उठाया गया था। इसके तीन दिन बाद 15 अगस्त को उसकी बाइक लावारिस हालत में मिली। इसके बाद मृतक के बड़े भाई प्रकाश महतो ने बिरसानगर थाना में चाचा राजेश महतो और मुकेश मुर्मू के खिलाफ अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कराया।

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में राजेश महतो ने कबूल किया कि कृष्णा न केवल अपनी चाची, बल्कि अन्य महिलाओं के भी आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था। इसी वजह से परिवार और आसपास के लोग उससे नाराज थे। पुलिस के अनुसार, पहले गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज हुई थी, लेकिन सबूत जुटने के बाद अपहरण और हत्या की पुष्टि हुई। वहीं रविवार को मृतक कृष्णा महतो के शव के साथ पोस्टमार्टम कराने आएं जादूगोड़ा थाना के पुलिस कर्मी सुरेश हांसदा ने बताया कि शव के गले में गमच्छा और हाथ बंधे थे। पोस्टमार्टम के बाद ही सारे मामले का खुलासा हो पाएगा।

फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस हिरासत में हैं। पुलिस का औपचारिक खुलासा सामने आने का सभी को इंतजार है।

Related Posts