Crime

आपत्तिजनक वीडियो के बहाने ब्लैकमेल, फिर अपहरण कर हत्या, तीन गिरफ्तार

 

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बिरसानगर थाना क्षेत्र में रिश्तेदारी के विवाद ने एक दर्दनाक हत्या का रूप ले लिया। वादी प्रकाश महतो (उम्र 40 वर्ष, पिता नरु महतो, निवासी बिरसानगर जोन संख्या 11) ने 15 अगस्त 2025 को प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई कृष्णा महतो (उम्र 31 वर्ष) का अपहरण कर हत्या की नीयत से ले जाया गया है। इस मामले में बिरसानगर थाना कांड संख्या 67/25, धारा 104(1)/3(5) बी.एन.एस. 2023 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ था।

अगले ही दिन 16 अगस्त को पुलिस ने जांच के क्रम में जादूगुड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चतरो स्थित स्वर्णरेखा नदी से कृष्णा महतो का शव बरामद किया। शव की हालत देखकर साफ हो गया कि उसकी हत्या की गई थी।

छापामारी के बाद पुलिस ने कांड में संलिप्त मुख्य आरोपी राजेश महतो (पिता रायिमल महतो, निवासी जोन संख्या 11, गणेश मंदिर के समीप) और उसके साथी मुकेश मुर्मू (पिता बुधराम मुर्मू, निवासी जोन संख्या 9, शिव मिलन होटल के पास) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल किया। उन्होंने स्वीकार किया कि कृष्णा महतो का अपहरण कर हाथ-पैर और मुंह बांधकर बिरसानगर थाना अंतर्गत लुपुंगडीह पुल से नीचे नदी में फेंका गया था।

आरोपियों ने यह भी खुलासा किया कि इस वारदात में उनका एक और साथी आसिफ अंसारी (उम्र 29 वर्ष, पिता मोहम्मद रहिश, निवासी मखदुमपुर, थाना परसुडीह) भी शामिल था, जिसने हाथ और मुंह बांधने में मदद की।

पुलिस जांच में यह सनसनीखेज कारण भी सामने आया कि मृतक कृष्णा महतो ने अपने दूर के चाचा लगने वाले राजेश महतो की पत्नी का आपत्तिजनक वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था। इसी वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वह राजेश पर दबाव बना रहा था कि उसकी पत्नी को कृष्णा के साथ संबंध बनाने के लिए मजबूर करे। इस ब्लैकमेलिंग से तंग आकर राजेश ने अपने साथी मुकेश और आसिफ के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम दिया।

बिरसानगर थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में संलिप्त सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। इस पूरे घटनाक्रम से इलाके में सनसनी फैल गई है और लोग रिश्तेदारी में पनपे इस घिनौने अपराध से स्तब्ध हैं।

Related Posts